India News(इंडिया न्यूज),BJP Expelled Babban Singh Raghuvanshi: भारतीय जनता पार्टी ने रसड़ा चीनी मिल सहकारी संघ के चेयरमैन बब्बन सिंह रघुवंशी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने पत्र जारी कर इस निर्णय की जानकारी दी। पत्र में कहा गया है कि रघुवंशी के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उनके बयानों से पार्टी विरोधी कृत्य प्रकाश में आए हैं, जो पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आते हैं। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
बब्बन सिंह रघुवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर एक किन्नर के साथ अश्लील हरकत करते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो में किन्नर उनके सामने डांस कर रही है और रघुवंशी उसका अपमान करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी और इस पर हंगामा मच गया। हालांकि इंडिया न्यूज ने इस वीडियो की पुष्टि नहीं की है।
इस विवाद पर बब्बन सिंह रघुवंशी ने सफाई देते हुए कहा कि यह वीडियो 20 दिन पहले फिल्माया गया था, जब वे दुर्गापुर के मुखिया राजेश सिंह की बारात में बिहार गए थे।
उन्होंने बताया कि उस समय किन्नर डांस कर रहे थे और उसी दौरान यह वीडियो बनाया गया। रघुवंशी ने दावा किया कि यह सब बांसडीह भाजपा विधायक केतकी सिंह की साजिश के तहत किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक केतकी सिंह और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के बीच तालमेल न होने के कारण विधायक ने उनके खिलाफ यह साजिश रची है।
इस आरोप पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उनका बब्बन सिंह रघुवंशी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है और उन्होंने इस बात को पूरी तरह से नकार दिया। यह विवाद अब राजनीतिक गलियारों में गरमा रहा है और इसी बीच पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है।