India News UP (इंडिया न्यूज),CM Yogi: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले लार थाना क्षेत्र में एक गंभीर घटना सामने आई है। जहां पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगा है। इस घटना का शिकार रामेश्वर तिवारी और उनकी बेटी हुए, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकर्ता हैं। रामेश्वर तिवारी का आरोप है कि लार थाना में उनकी और उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई और गाली-गलौज की गई।
पारिवारिक विवाद के चलते गए थे थाने
घटना के दौरान रामेश्वर तिवारी और उनकी बेटी एक पारिवारिक विवाद के मामले में थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को अपना परिचय दिया, लेकिन इसके बाद दो सिपाहियों ने उनकी बेटी के बाल खींचे और उसे दूर ले गए। जब रामेश्वर तिवारी ने इसका विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें भी पीटा और एसओ के कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद भी उनके साथ दुर्व्यवहार जारी रहा।
पुलिस वालो ने दी धमकी
रामेश्वर तिवारी ने बताया कि उनकी बेटी को पैर में चोट आई थी और वह दर्द से रो रही थी, लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की। तिवारी ने कहा कि पुलिस ने उन्हें धमकी भी दी कि अगर उन्होंने इस मामले की शिकायत की, तो उनके खिलाफ ही केस दर्ज कर दिया जाएगा। इस दौरान न तो उन्हें फोन इस्तेमाल करने दिया गया और न ही कहीं जाने दिया गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी तीनों सिपाहियों उमेश चंद्र यादव, अंकित यादव और कुश कुमार गौड़ को लाइन हाजिर कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन रामेश्वर तिवारी ने कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाएंगे।
UP News: यूपी वासियों के लिए खुशखबरी! जनता को मिलेगी मुफ्त बिजली, जानिए कैसे और कितनी?