India News(इंडिया न्यूज़),Holi Celebration Video: देशभर में होली का त्योहार हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल से सजे चेहरे, लोगों की खिलखिलाहट और होली के मधुर गीतों पर थिरकते कदम इस पर्व को और भी खास बना रहे हैं। आम हो या खास, हर कोई इस रंगों के पर्व में डूबकर खुशियां मना रहा है।
इस अंदाज में CM योगी ने खेली होली
भारत विविधताओं का देश है और हर क्षेत्र में होली मनाने का अंदाज भी अलग है। कहीं पारंपरिक गीतों के साथ होली खेली जा रही है, तो कहीं फूलों और गुलाल से माहौल रंगीन हो उठा है। हर जगह उल्लास का माहौल है, जहां लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर गले मिल रहे हैं और मिठाइयों का स्वाद ले रहे हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को “एकता का संदेशवाहक” बताया और गोरखपुर में फूलों से होली खेलकर इस अवसर को और भी खास बना दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होली न सिर्फ रंगों का त्योहार है, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का भी प्रतीक है।
पुणे से लेकर काशी तक होली के जश्न में डूबे लोग
देशभर में होली का जश्न अपने-अपने तरीके से मनाया जा रहा है, लेकिन सभी के दिलों में उत्साह और खुशी की भावना एक समान है। पुणे से लेकर काशी तक, भारत में होली का उल्लास चरम पर है। हर गली, हर नुक्कड़ पर रंगों की बौछार हो रही है और लोग उत्साहपूर्वक इस पर्व का आनंद ले रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में पारंपरिक तरीके से मनाई होली
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से होली मनाई, जहां गुलाल की रंगीन बारिश ने उत्सव में चार चांद लगा दिए। चेहरों पर सजे रंग, आंखों में खुशी की चमक और हंसी-ठिठोली का माहौल हर किसी को आनंदित कर रहा है।
नेपाल की गलियों में रंगों की खुशबू बिखरी
नेपाल में भी होली का उत्सव भारतीय रंगों में रंगा नजर आया। वहां भी लोगों ने भारत की तरह ही जमकर होली खेली और इस पर्व को पारंपरिक उमंग के साथ मनाया। नेपाल की गलियों में भी रंगों की खुशबू बिखरी रही और हर ओर उमंग का माहौल दिखा। उत्तर से दक्षिण तक, भारत के हर राज्य में होली का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। लोग गुलाल उड़ाते हुए, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए एक-दूसरे को रंगों की बधाई दे रहे हैं। वाराणसी में बाबा की नगरी में भी होली का जश्न जोर-शोर से मनाया जा रहा है। श्रद्धालु और स्थानीय लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।
विदेशी पर्यटक भी ले रहे हैं होली का आनंद
विदेशी पर्यटक भी भारत में होली का आनंद ले रहे हैं। राजस्थान में घूमने आए विदेशी टूरिस्ट खुद को रंगों से सराबोर करने से नहीं रोक पाए। वे भी भारतीय संस्कृति में रंग गए और जमकर होली खेली। देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भी इस पर्व को नहीं भूले। भले ही वे अपने घरों से दूर हैं, लेकिन उन्होंने अपने साथियों के साथ होली मनाकर जश्न का अनुभव किया।
बॉर्डर पर तैनात सैनिकों ने किया डांस
सैनिकों ने न सिर्फ गुलाल खेला, बल्कि जमकर डांस भी किया, जिससे उनके बीच एकता और उत्साह का संदेश साफ दिखा।