India News (इंडिया न्यूज),Kanpur forced conversion: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर में एक लड़की को जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने और विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। लाल बंगला इलाके की रहने वाली 12वीं में पढ़ने वाली पीड़िता ने सोशल मीडिया पर आरोपी का वीडियो अपलोड कर अपना दर्द बयां किया है। पीड़ित लड़की की शिकायत पर कानपुर के जाजमऊ थाना पुलिस ने चमनगंज निवासी आरोपी अल्तमश के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया है कि आरोपी अल्तमश ने कई बार उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। इतना ही नहीं आरोपी ने कई बार सार्वजनिक जगहों पर उसे पकड़ लिया और उसकी बांह मरोड़ने की कोशिश की। पीड़िता के मुताबिक आरोपी हर रोज उसके घर के बाहर आकर उत्पात मचाता है। इस दौरान आरोपी उस पर इस्लाम धर्म अपनाने और उससे शादी करने का दबाव बनाता है।
पीड़िता ने करीब 1 मिनट 16 सेकेंड के वायरल वीडियो में दावा किया है कि आरोपी ने एक बार उससे कॉन्फ्रेंस कॉल पर बात की और इस दौरान उसे अश्लील गालियां देकर धमकाया। कहा कि पुलिस भी उसका कुछ नहीं कर सकती। अपने जीजा के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर दी है। बताया कि आरोपी की हरकतों से पूरा परिवार दहशत में है।
इस संबंध में एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अल्तमश के खिलाफ अश्लीलता, जान से मारने की धमकी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। इस बीच पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।