इंडिया न्यूज, लखनऊ:
(Panna Pramukh At 1.63 Crore Booths) देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में अगले साल पहली तिमाही में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में बूथ लेवल तक मैनेजमेंट करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने 1.63 करोड़ बूथों पर पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति का निर्णय लिया है।
संगठन के तौर पर बेहद मजबूत भाजपा ने चुनावों में हर बूथ तक पहुंचने का फैसला लिया है। इन लोगों को हर बूथ पर मतदाताओं से संपर्क साधने की जिम्मेदारी दी जाएगी। चुनाव में वोटर्स को बाहर निकालने और उन्हें बूथ तक ले जाने काम इन्हें सौंपा जाएगा। इन लोगों को फिलहाल ट्रेनिंग दी जा रही है, जो इस महीने के आखिर तक पूरी हो जाएगी।
25 से 30 घरों की जिम्मेवारी होगी एक पन्ना प्रमुख की
इस बार भाजपा चुनाव में माइक्रो लेवल पर मैनेजमेंट करने की तैयारी में है। भाजपा हमेशा से पन्ना प्रमुख की रणनीति को कारगर मानती रही है। पन्ना प्रमुखों को 25 से 30 घरों की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। पन्ना प्रमुख वोटर्स की लिस्ट में ही एक वोटर होगा। हर 60 मतदाताओं के बीच एक पन्ना प्रमुख नियुक्त किया जाएगा। भाजपा अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में पन्ना प्रमुखों का 3 दिवसीय सम्मलेन बुलाएगी। ये सम्मेलन पूरे उत्तर प्रदेश में आयोजित किए जाएंगे।