India News (इंडिया न्यूज)Rajeev Krishna New UP DGP: उत्तर प्रदेश पुलिस को शनिवार को नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मिल गया। योगी सरकार ने 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को यूपी पुलिस का नया डीजीपी नियुक्त किया है। आईपीएस राजीव कृष्ण अभी तक डीजी विजिलेंस और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
वरिष्ठ आईपीएस राजीव कृष्ण उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के रहने वाले हैं। भावी डीजीपी के तौर पर आईपीएस राजीव कृष्ण का नाम सबसे आगे था। उन्हें सीएम योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अफसरों में से एक माना जाता है। आईपीएस राजीव कृष्ण अपराध रोकने और हाईटेक पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने ऑपरेशन पहचान ऐप के जरिए अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाई। इसके साथ ही मुकदमों के रिकॉर्ड को ऑनलाइन करने से लेकर ई-मालखानों के आइडिया का श्रेय भी इन्हें ही जाता है।
वरिष्ठ आईपीएस राजीव कृष्ण का जन्म 20 जून 1969 को हुआ था। राजीव कृष्ण ने सबसे पहले इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। उन्होंने 1991 में यूपीएससी पास किया और आईपीएस के पद पर नियुक्ति पाई। 1993 में आईपीएस कन्फर्मेशन के बाद 10 अक्टूबर 1995 को उन्हें सीनियर स्केल पर प्रमोट किया गया।
वहीं, अगस्त 2007 में राजीव कृष्ण को डीआईजी के पद पर प्रमोट किया गया। इसके बाद नवंबर 2010 में उन्हें आईजी के पद पर प्रमोशन मिला। फिर 1 जनवरी 2016 को उन्हें एडीजी और मार्च 2024 में डीजी नियुक्त किया गया। इसके बाद उन्हें पेपर लीक मामलों से निपटने की अहम जिम्मेदारी दी गई।