India News(इंडिया न्यूज), SP Leader Arrested: समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी और यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद के पूर्व निदेशक वासुदेव यादव को आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेल भेज दिया गया है। विजिलेंस टीम ने उन्हें मंगलवार को प्रयागराज के जॉर्ज टाउन स्थित आवास से गिरफ्तार किया और वाराणसी की एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश किया।

अदालत ने खारिज की जमानत याचिका

कोर्ट में पेशी के दौरान वासुदेव यादव ने बीमारियों का हवाला देते हुए जमानत और अस्पताल में भर्ती होने की गुहार लगाई। लेकिन अदालत ने दोनों अपीलें खारिज कर दीं और जेल भेजने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि जेल मैनुअल के अनुसार उन्हें चिकित्सा सहायता दी जाएगी। इससे पहले, 19 फरवरी को उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी।

109% ज्यादा संपत्ति का मामला

अप्रैल 2021 में विजिलेंस ने वासुदेव यादव पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि उनकी कुल संपत्ति उनकी घोषित आय से 109% अधिक है। विजिलेंस की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने रिश्तेदारों के नाम पर संपत्तियां खरीदीं और कई शिक्षण संस्थान भी खोले।

Delhi Ka Mausam: राजधानी दिल्ली में बढ़ेगा तापमान, तेज़ हवाओं के साथ बदलेगा मौसम

भ्रष्टाचार के शिकंजे में आए सपा नेता

वासुदेव यादव सपा प्रमुख अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं। लेकिन 2017 में यूपी में भाजपा सरकार बनने के बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की कई शिकायतें दर्ज हुईं। 12 सितंबर 2017 को सरकार ने विजिलेंस जांच का आदेश दिया। विजिलेंस ने 1978 से 2014 तक उनकी संपत्तियों की जांच की, जिसमें आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया। जांच पूरी होने के बाद विजिलेंस ने सरकार से अनुमति लेकर मामला दर्ज किया और अब उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

क्या आगे बढ़ेगी जांच?

सूत्रों के मुताबिक, इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। विजिलेंस अब यह भी जांच कर रही है कि इन संपत्तियों को अर्जित करने के लिए कहीं फर्जी दस्तावेजों और अवैध धन का इस्तेमाल तो नहीं हुआ? क्या यह मामला सिर्फ वासुदेव यादव तक सीमित रहेगा, या और भी नेता विजिलेंस के रडार पर हैं? आने वाले दिनों में कई बड़े नाम उजागर हो सकते हैं!