India News (इंडिया न्यूज),UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से लोग भीषण गर्मी का शिकार हो रहे हैं। लेकिन अब मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 अप्रैल से प्रदेश में हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है।वहीँ प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल शनिवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। पूरे प्रदेश में दिन में भीषण गर्मी रहेगी। रात में भी मौसम काफी गर्म रह सकता है।
UP Weather today
मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 26 अप्रैल को प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना बनी हुई है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी भागों के कुछ इलाकों में लू चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और इसके आसपास के इलाकों में लू चलने की संभावना है। साथ ही बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद और इसके आसपास के इलाकों में लू चलने की संभावना है लेकिन आज के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। उसके बाद धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। साथ ही अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक कानपुर देहात में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 44.8℃ रिकॉर्ड किया गया है। जबकि प्रयागराज में 44.6℃, वाराणसी बीएचयू में 44℃, हमीरपुर में 44.2℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।