India News (इंडिया न्यूज), UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में दो परिवार रिश्ता तय करने के लिए लड़का-लड़की दिखाने पहुंचे थे। इस दौरान एक दर्दनाक घटना घटी। दरअसल, लड़की को लड़का पसंद नहीं था और उसने मना कर दिया। इससे नाराज होकर युवक ने लड़की के सिर में गोली मार दी, जिससे लड़की घायल हो गई। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना भोगांव क्षेत्र के एक मैरिज होम में हुई, जहां लड़के और लड़की के परिवार वाले रिश्ते की बात करने पहुंचे थे। लड़की को लड़का पसंद नहीं था और उसने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर युवक ने लड़की के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी युवक की पहचान अमुक पुत्र राजेश निवासी गांव सगामई थाना एलाऊ के रूप में हुई है। गोली मारने के बाद आरोपी तमंचा, बाइक और मोबाइल वहीं छोड़कर फरार हो गया।
UP Crime News (उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में लड़की के सिर पर लड़के ने मारी गोली)
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची भोगांव पुलिस ने मौके से तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। घायल युवती को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया। इस घटना के संबंध में सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।