India News (इंडिया न्यूज़),UP Politics: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए योगी सरकार को घेरा है।  सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट कर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।  अखिलेश यादव ने एक्स हैंडल पर लिखा, “भाजपा राज में जिम्मेदारी कंधों से ही नहीं हाथों से भी उठानी पड़ती है।  कुछ साल पहले यूपी में एंबुलेंस भी चलती थीं।

सपा प्रमुख ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो किया शेयर

दरअसल, सपा प्रमुख ने अपने एक्स हैंडल पर फिरोजाबाद सरकारी मेडिकल कॉलेज का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक व्यक्ति मरीज को कंधे पर उठाकर अस्पताल के वार्ड में ले जाता नजर आ रहा है।  इस वीडियो को शेयर कर सपा प्रमुख ने न सिर्फ प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, बल्कि योगी सरकार पर निशाना साधा है और समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल की तारीफ भी की है।  सपा प्रमुख ने लिखा, कुछ साल पहले उत्तर प्रदेश में एंबुलेंस हुआ करती थीं। भाजपा राज में जिम्मेदारी कंधों से ही नहीं हाथों से भी उठानी पड़ती है।

ट्रैफिक जाम में फंसी एंबुलेंस

जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ट्रॉमा सेंटर जाने वाले रास्ते पर भीषण जाम लगा हुआ था। इस कारण चार से अधिक एंबुलेंस जाम में फंस गईं। एंबुलेंस में सवार परिजन घायल मरीज की हालत देखकर परेशान हो गए। हालांकि इन एंबुलेंस की आवाज किसी ट्रैफिक पुलिसकर्मी के कानों तक नहीं पहुंची। आधे घंटे से अधिक समय बाद परिजन सायरन बजाते हुए एंबुलेंस के अंदर से घायल बच्चे को गोद में लेकर ट्रॉमा सेंटर की ओर दौड़े।
अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो ने फिरोजाबाद की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था की पोल खोल दी है। इस घटना के बाद फिरोजाबाद जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं।