India News UP (इंडिया न्यूज़), UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम फिर से करवट लेने वाला है। पिछले कई दिनों से तेज धूप के चलते ठंड का असर कम हो गया था और दिन का तापमान बढ़ने लगा था, जिससे गर्मी का अहसास होने लगा था। लेकिन अब मौसम विभाग के अनुसार, 3 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ उत्तर प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा, जिसका असर राज्य के विभिन्न हिस्सों में दिखाई देगा। इससे एक बार फिर से ठंडक का अहसास होगा।
दिन और रात के तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक, 3 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है, वहीं 4 फरवरी को राज्य के विभिन्न हिस्सों में रिमझिम बारिश की संभावना है। 5 फरवरी को बारिश की तीव्रता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। इसके साथ ही, प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरा भी छा सकता है। हालांकि, 6 फरवरी को मौसम साफ होने का अनुमान है।
रिमझिम बारिश से बढ़ेगी ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण उत्तर प्रदेश में तापमान में असामान्य बढ़ोत्तरी हुई थी। पहला विक्षोभ पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का कारण बना, जबकि दूसरा विक्षोभ शुक्रवार को सक्रिय हुआ। इसके चलते उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति धीमी पड़ गई और तापमान में बढ़ोतरी हुई। अब दूसरे विक्षोभ के असर से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और शीतलहर फिर से लौटेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 8 से 15 फरवरी के बीच उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और कोहरे के कारण ठंडक का अहसास बढ़ेगा।
बसंत पंचमी स्नान पर्व के दौरान रेलवे स्टेशन पर वनवे व्यवस्था लागू, प्रवेश और निकासी की नई व्यवस्था