स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से लेकर गीजा के पिरामिड तक, क्यों दुनिया आज भी झुकतीं है विश्व के इन 7 लैंडमार्क के आगे?

दुनिया की हर सभ्यता ने अपने समय में ऐसी अद्भुत संरचनाएं रची हैं, जो न केवल स्थापत्य कौशल की मिसाल हैं बल्कि उस दौर की संस्कृति, शक्ति, आस्था और भावनाओं को भी दर्शाती हैं.

इन ऐतिहासिक लैंडमार्क्स ने समय की सीमाओं को पार करते हुए पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है. ऐसे में चलिए जानें उन ऐतिहासिक लैंडमार्क्स के बारे में.

स्टैच्यू ऑफ़ लिबर्टी-  न्यूयॉर्क शहर में स्थित स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी स्वतंत्रता, समानता और लोकतंत्र का वैश्विक प्रतीक है. यह प्रतिमा फ्रांस द्वारा अमेरिका को उपहार स्वरूप दी गई थी और वर्षों तक समुद्र के रास्ते आने वाले प्रवासियों के लिए आशा और नए जीवन की पहली झलक बनी.

चीन की महान दीवार- यह दुनिया की सबसे विशाल और लंबी मानव निर्मित संरचनाओं में से एक है. इसे प्राचीन काल में बाहरी आक्रमणों से रक्षा के उद्देश्य से बनाया गया था.

एफिल टॉवर- फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित एफिल टॉवर आधुनिक इंजीनियरिंग और कलात्मक सोच का प्रतीक है. लोहे से बनी यह संरचना 19वीं शताब्दी में बनाई गई थी और आज प्रेम, फैशन और कला  की पहचान बन चुकी है.

ताजमहल- भारत के आगरा शहर में स्थित ताजमहल प्रेम, समर्पण और सौंदर्य का अद्वितीय उदाहरण है. मुगल बादशाहह शाहजहां ने इसे अपनी पत्नी मुमताज़ महल की याद में बनवाया था. सफेद संगमरमर से निर्मित यह स्मारक भारतीय स्थापत्य कला की उत्कृष्टता को दर्शाता है.

कोलोसियम - इटली की राजधानी रोम में स्थित कोलोसियम प्राचीन रोमन साम्राज्य की शक्ति और भव्यता का प्रतीक है. यह विशाल एम्फीथिएटर ग्लैडिएटर युद्धों और सार्वजनिक आयोजनों के लिए प्रयोग में लाया जाता था.

माचू पिचू- पेरू के ऊंचे पहाड़ों में बसा माचू पिचू इंका सभ्यता का रहस्यमय और अद्भुत उदाहरण है. पत्थरों से बनी इसकी संरचनाएं और पहाड़ी भू-भाग के अनुरूप इसकी योजना इंका इंजीनियरिंग की कुशलता को दर्शाती हैं. यह स्थल आज भी इतिहासकारों और पर्यटकों के लिए जिज्ञासा का केंद्र बना हुआ है.

गीज़ा के पिरामिड- मिस्र में स्थित गीज़ा के पिरामिड दुनिया की सबसे प्राचीन और रहस्यमयी संरचनाओं में से हैं. इन्हें फिरौन राजाओं की कब्रों के रूप में बनाया गया था. हज़ारों वर्षों बाद भी इन पिरामिडों की मजबूती और सटीक गणितीय संरचना आधुनिक विज्ञान को चकित कर देती है.