Gold vs Dollar: पिछले एक साल में सोने की कीमतों ने खूब ऊंचाइयां छुई हैं, खासकर पिछले कुछ महीनों में तो जैसे सोने में आग लगी हुई है. कीमतें पुराने रिकॉर्ड तोड़कर लगभग हर हफ्ते नए स्तर छू रही हैं. दूसरी ओर, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स कई महीनों के निचले स्तर पर मंडरा रहा है, जो पिछले साल की अपनी ऊंचाई से काफी नीचे आ चुका है. अपने पोर्टफोलियो पर नजर रखने वाले निवेशकों के लिए ये दोनों हलचलें कोई इत्तेफाक नहीं हैं. यह एक पुरानी और गहरी केमिस्ट्री का हिस्सा है जो आज भी निवेश की दुनिया को नया आकार दे रही है. सोने और डॉलर के बीच का यह रिश्ता अब और भी ख़ास हो गया है. आर्थिक अनिश्चितता, भू-राजनीतिक तनाव और बदलती मौद्रिक नीतियां ऐसे हालात पैदा कर रहे हैं जहां इस तालमेल को समझना आपकी संपत्ति को बचाने और बढ़ाने के बीच का सबसे बड़ा फर्क साबित हो सकता है. एक साल की इस दौड़ के बाद, जहां सोना काफी ऊपर गया और डॉलर नीचे गिरा, निवेशक अब खुद को एक ऐसे बाजार में पा रहे हैं जो पिछले साल की शुरुआत के मुकाबले बिल्कुल अलग है.
आखिर इस वक्त निवेशकों को सोने और डॉलर के रिश्ते के बारे में क्या पता होना चाहिए? आइए गहराई से समझते हैं.
सोने की कीमत और अमेरिकी डॉलर
सीधे शब्दों में कहें तो सोने और डॉलर का ऐतिहासिक रिश्ता बुनियादी अर्थशास्त्र पर टिका है, दुनिया भर में सोने की कीमत डॉलर में तय होती है. इसलिए, जब डॉलर मजबूत होता है, तो दूसरी करेंसी रखने वालों के लिए सोना महंगा हो जाता है, जिससे इसकी मांग घटती है और कीमतों पर दबाव पड़ता है. इसके उलट, जब डॉलर कमजोर होता है, तो सोना सस्ता लगने लगता है, मांग बढ़ती है और कीमतें ऊपर जाती हैं. दशकों से इन दोनों के बीच यह ‘उल्टा’ रिश्ता बना हुआ है.
2026 के लिए जरूरी बातें
पर यह इतना जरूरी क्यों है? निवेशकों और जानकारों के लिए, ‘यूएस डॉलर इंडेक्स’ एक थर्मामीटर की तरह काम करता है. अगर इंडेक्स बढ़ रहा है, तो समझ लीजिए सोने पर दबाव बढ़ सकता है. अगर इंडेक्स गिर रहा है, तो यह सोने की कीमतों को पंख दे सकता है.
लेकिन ध्यान रहे, यह कोई पत्थर की लकीर नहीं है. हाल के वर्षों में खासकर बढ़ते वैश्विक कर्ज और युद्ध जैसे हालातों के बीच सोना और डॉलर कभी-कभी एक ही दिशा में भी चले हैं. उदाहरण के तौर पर, जब दुनिया में डर का माहौल होता है, तो लोग सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना और डॉलर दोनों को एक साथ खरीदना शुरू कर देते हैं.
2026 में इस रिश्ते को प्रभावित करने वाले बड़े कारक पर नजर डालते हैं
1. मौद्रिक नीति और ब्याज दरें अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले सोने और डॉलर दोनों की चाल तय करते हैं. ऊंची ब्याज दरें डॉलर को मजबूत करती हैं क्योंकि निवेशकों को वहां बेहतर रिटर्न मिलता है, जिससे बिना ब्याज वाला सोना कम आकर्षक हो जाता है. वहीं, अगर ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद हो, तो डॉलर कमजोर होता है और सोना चमकने लगता है.
2. महंगाई की उम्मीदें सोने को हमेशा से महंगाई के खिलाफ एक ढाल माना गया है. भले ही महंगाई पिछले सालों के मुकाबले थोड़ी कम हुई है, लेकिन यह अभी पूरी तरह काबू में नहीं है. जब भी महंगाई बढ़ने का डर होता है, लोग अपनी दौलत बचाने के लिए सोने की तरफ भागते हैं. अक्सर डॉलर की कमजोरी और बढ़ती महंगाई एक साथ आती हैं, जिससे सोने की अहमियत और बढ़ जाती है.
3. भू-राजनीतिक तनाव सीमाओं पर तनाव या व्यापार युद्ध निवेशकों को सुरक्षा खोजने पर मजबूर करते हैं. ऐसे समय में सोने और डॉलर की मांग एक साथ बढ़ सकती है, जिससे इनका सामान्य ‘उल्टा रिश्ता’ धुंधला पड़ जाता है.
4. सेंट्रल बैंकों का रुख दुनिया भर के केंद्रीय बैंक अब अपनी तिजोरियों में सिर्फ डॉलर या अमेरिकी बॉन्ड नहीं रखना चाहते। वे बड़े पैमाने पर सोना खरीद रहे हैं. यह बदलाव सोने की कीमतों को एक मजबूत आधार दे रहा है, चाहे डॉलर की स्थिति कुछ भी हो.
5. बाजार का अनुमान 2026 के लिए जानकारों का मानना है कि सोने में अभी और तेजी बाकी है. कुछ बड़े संस्थानों का अनुमान है कि साल के अंत तक सोना $5,000 (1.5 lakh) प्रति औंस के करीब या उससे ऊपर जा सकता है. यह अनुमान इस भरोसे पर टिका है कि दुनिया में अनिश्चितता बनी रहेगी और डॉलर का दबदबा पहले जैसा नहीं रहेगा.
खास बात
दशकों से डॉलर और सोने की चाल एक तय लय में रही है, मजबूत डॉलर मतलब कमजोर सोना, और कमजोर डॉलर मतलब मजबूत सोना। इस साधारण से फॉर्मूले ने निवेशकों को अपना पोर्टफोलियो संतुलित करने में मदद की है.
लेकिन इस साल यह रिश्ता कई नई चुनौतियों का सामना कर रहा है. निवेशकों के लिए सलाह यही है कि वे सिर्फ डॉलर इंडेक्स न देखें, बल्कि महंगाई, केंद्रीय बैंकों की चाल और दुनिया के राजनीतिक हालात पर भी पैनी नजर रखें.
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी केवल शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है और इसे वित्तीय सलाह न माना जाए। सोने की कीमतें और बाजार के रुझान वैश्विक कारकों के अधीन हैं, जिनमें उतार-चढ़ाव संभव है। निवेश करने से पहले कृपया अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श लें और अपनी जोखिम क्षमता का आकलन जरूर करें।