Apple की कई सेवाएं इंटरनल अपडेट के कारण ठप हो गईं. iCloud, App Store और Apple Pay प्रभावित हुए. Downdetector पर हजारों शिकायतें दर्ज हुईं.
दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple की कई ऑनलाइन सेवाएं मंगलवार को अचानक ठप पड़ गईं. इस तकनीकी गड़बड़ी का असर iCloud, App Store, Apple Music और Apple Pay जैसी लोकप्रिय सेवाओं पर देखने को मिला. इसके चलते दुनियाभर के हजारों यूजर्स को परेशानी उठानी पड़ी. कई लोग अपने Apple अकाउंट में लॉग इन नहीं कर पा रहे थे, तो कुछ यूजर्स को भुगतान करने और ऐप डाउनलोड करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. हालांकि, कंपनी ने बाद में स्पष्ट किया कि इस आउटेज के पीछे एक इंटरनल अपडेट की वजह से पैदा हुई तकनीकी समस्या थी. यह किसी तरह का साइबर हमला नहीं था.
Apple ने अपने बयान में कहा कि उसकी कई प्रभावित सेवाओं को दोबारा शुरू कर दिया गया है. बाकी सेवाओं को भी सामान्य करने के लिए तकनीकी टीमें काम कर रही हैं. हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह नहीं बताया है कि इस घटना से कुल कितने यूजर्स प्रभावित हुए.
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को अमेरिकी समयानुसार सुबह करीब 11:30 बजे से यूजर्स ने Apple की सेवाओं में आ रही दिक्कतों की शिकायत करना शुरू कर दिया था. भारतीय समय के अनुसार उस वक्त रात के करीब 10 बजे थे.
शिकायतें सामने आने के कुछ ही देर बाद इनकी संख्या तेजी से बढ़ने लगी. Apple Pay को लेकर कुछ ही मिनटों में लगभग 2,000 शिकायतें दर्ज की गईं. इसके अलावा Apple Support और iCloud को लेकर भी बड़ी संख्या में यूजर्स ने समस्याएं रिपोर्ट कीं.
हालांकि, Downdetector के आंकड़े यूजर्स की ओर से दर्ज की गई शिकायतों पर आधारित होते हैं. इसलिए वास्तविक रूप से प्रभावित लोगों की संख्या इससे अधिक हो सकती है.
Apple के आधिकारिक System Status पेज पर दी गई जानकारी के अनुसार, App Store और Apple Music में तकनीकी समस्या अमेरिकी समयानुसार सुबह 11:45 बजे शुरू हुई थी. वहीं, AppleCare on Device में इससे पहले सुबह 11:15 बजे से दिक्कतें दर्ज की गई थीं.
कंपनी ने iCloud Account & Sign In को लेकर भी चेतावनी जारी की थी. इसके मुताबिक, यूजर्स को अकाउंट में लॉग इन करने में परेशानी हो सकती थी या यह सुविधा पूरी तरह काम करना बंद कर सकती थी. AppleCare से जुड़ी कुछ खरीदारी सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं.
भारतीय समयानुसार रात 12:32 बजे तक App Store और Apple Music की सेवाएं सामान्य हो गई थीं. इसके बाद iCloud Mail और iCloud.com में भी कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आईं. AppleInsider की रिपोर्ट के मुताबिक, iCloud Mail की परेशानी रात 12:55 बजे तक दूर कर दी गई थी. बाद में iCloud में साइन इन से जुड़ी समस्या को भी स्टेटस पेज से हटा दिया गया.
इस आउटेज का असर केवल आम यूजर्स तक सीमित नहीं रहा. Apple की डेवलपर सेवाओं में भी व्यवधान देखने को मिला. भारतीय समयानुसार रात करीब 12:50 बजे तक App Store Connect, Xcode Cloud और दूसरी डेवलपर सेवाओं में समस्याएं दर्ज की जा रही थीं.
कुछ iPhone यूजर्स ने नए डिवाइस को एक्टिवेट करने में परेशानी की शिकायत की. वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया कि Apple के चुनिंदा रिटेल स्टोर ग्राहकों की खरीदारी पूरी नहीं कर पा रहे थे.
Digital Warfare के जेम्स नाइट ने Tom’s Guide को बताया कि Apple के साइन-इन सिस्टम में गड़बड़ी होने पर इसका असर कई सेवाओं पर एक साथ पड़ सकता है. इसकी वजह यह है कि Apple ID का इस्तेमाल iCloud, Apple Pay, App Store और नए iPhone के सेटअप जैसी सुविधाओं में होता है.
नाइट ने यूजर्स को आगाह किया कि इस तरह के आउटेज के दौरान Apple ID वेरिफिकेशन के नाम पर आने वाले संदिग्ध मैसेज और लिंक से बचना चाहिए. गौरतलब है कि Apple की सेवाओं में यह परेशानी ऐसे समय आई, जब इससे एक दिन पहले अमेरिका के कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं में भी तकनीकी दिक्कतें सामने आई थीं. फिलहाल Apple ने आउटेज के कारणों को इंटरनल अपडेट से जुड़ा बताया है, लेकिन इसके वैश्विक प्रभाव का पूरा आंकड़ा जारी नहीं किया है.
OpenAI ने GPT-6.2 Astra और Sol रोलआउट किए हैं. जानें दोनों AI मॉडल में क्या…
इमरजेंसी में पैसों की जरूरत हो तो पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड में क्या चुनें?…
BGMI 4.7 Update: आज 18 नवंबर 2026 को रिलीज हो गया है. जानें Android और…
Bihar News: मुजफ्फरपुर में विवाहिता विभा ठाकुर की संदिग्ध मौत के बाद मायके वालों ने…
Lashkar Commander Lateef Bhat Video Call: सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें…
क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का ₹455.49 करोड़ का IPO खुल गया है. ₹19 का GMP करीब…