Anand Mahindra Post on Jharkhand Beauty: जाने-माने बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और वो अक्सर अपने एक्स अकाउंट से कुछ ऐसी चीजें शेयर करते हैं, जो लोगों को चौंका देती हैं. हाल ही में उन्होंने एक बार फिर अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने झारखंड की खूबसूरती की तारीफ की है. वे झारखंड के प्राकृतिक सौंदर्य पर फिदा हो गए हैं. दरअसल, आनंद महिंद्रा ने रविवार सुबह अपने एक्स अकाउंट पर झारखंड के एक खूबसूरत हिल स्टेशन की फोटोज शेयर की हैं, जिसका नाम मेघाहातुबुरू है. उन्होंने तस्वीरें शेयर करते हुए राज्य के अनछुए पर्यटन स्थलों की सराहना की और उन जगहों को घूमने लायक बनाया.
उन्होंने कुछ फोटोज शेयर करते हुए लिखा, ‘जब ज़्यादातर लोग भारत में छुट्टी मनाने का प्लान बनाते हैं, तो आमतौर पर गोवा, हिमाचल और राजस्थान जैसी जानी-पहचानी जगहें दिमाग में आती हैं. इन जगहों की लिस्ट में झारखंड का ज़िक्र शायद ही कभी होता है. इसके बाद मेरी नजर @IndiaAesthetica द्वारा पोस्ट की गई इन शानदार तस्वीरों पर पड़ी. ये तस्वीरें झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्थित एक हिल स्टेशन, मेघाहतुबुरु की हैं. अपनी ऊंचाई के कारण इसे “बादलों की पहाड़ी” के नाम से भी जाना जाता है.’
When most people plan a holiday in India, the usual suspects come up: Goa, Himachal, Rajasthan.
Jharkhand rarely features in that conversation.
I plead guilty of that too.
And then I bumped into these striking photos posted by @IndiaAesthetica about Meghahatuburu, a hill… pic.twitter.com/Tdzd0czQtg
— anand mahindra (@anandmahindra) April 5, 2026
मेघाहतुबुरु की खासियत
आनंद महिंद्रा ने मेघाहतुबुरु की खासियत बताते हुए कहा कि ये 700 पहाड़ियों वाले सारंडा जंगल के बीचों-बीच, समुद्र तल से 4,300 फ़ीट की ऊंचाई पर बसा हिल स्टेशन है. यहां डूबते सूरज का नज़ारा, जंगल के झरने और एक ऐसा कुदरती नज़ारा देखने को मिलता है, जो अब तक इंसानी दखल से काफ़ी हद तक अछूता रहा है. यहां पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाएं ही उपलब्ध हैं. यहां बहुत कम रिसॉर्ट हैं, लेकिन गेस्ट हाउस काफ़ी हैं.
झारखंड में दूसरी घूमने वाली जगह
उन्होंने आगे इस बात का जिक्र करते हुए कहा, ‘मैंने झारखंड के बारे में थोड़ी और जानकारी जुटाई, तो पता चला कि यहां नेतरहाट के मशहूर सूर्योदय, बेतला नेशनल पार्क, देवघर में स्थित पवित्र ज्योतिर्लिंग, रांची के आस-पास के झरने और खुद प्राचीन सारंडा जंगल मौजूद हैं. फिर भी न जाने क्यों इस जगह को अक्सर नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है. झारखंड में घूमने के शौकीन यात्रियों के लिए बहुत कुछ है. बस, इसने कभी अपनी खूबियों का ज़ोर-शोर से प्रचार नहीं किया.’