अमेरिका-ईरान तनाव घटने की उम्मीद और कमजोर मांग से कच्चा तेल सस्ता हुआ है. ब्रेंट क्रूड 92 डॉलर प्रति बैरल के नीचे है.
Crude Oil Prices: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली है. मंगलवार को ब्रेंट क्रूड का भाव 92 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया. इसकी बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने और बातचीत शुरू होने की उम्मीद है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल ईरान पर नए सैन्य हमले टालने के संकेत दिए हैं. इससे बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर बनी चिंता कुछ कम हुई है.
मंगलवार सुबह 8:27 बजे ब्रेंट क्रूड 0.89 फीसदी गिरकर 91.75 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड की कीमत 1.07 फीसदी गिरकर 85.92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई. इससे पहले कारोबार के दौरान ब्रेंट 92.33 डॉलर और WTI 86.50 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचा था.
पिछले एक महीने में कच्चे तेल की कीमतों में अच्छी-खासी गिरावट आई है. इस दौरान ब्रेंट क्रूड 14.01 फीसदी और WTI 8.26 फीसदी सस्ता हुआ है. हालांकि, एक साल पहले के मुकाबले दोनों की कीमतें अभी भी करीब 41 फीसदी ज्यादा हैं.
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद है. सोमवार को डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि फिलहाल ईरान पर आगे सैन्य कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने यह बयान कतर के प्रधानमंत्री समेत क्षेत्र के कुछ नेताओं की अपील के बाद दिया.
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच चल रहा संघर्ष खत्म होने की दिशा में आगे बढ़ सकता है. इस बयान के बाद तेल बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ गया.
इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में ब्रेंट क्रूड करीब 6 फीसदी गिरा था. पिछले सप्ताह भी इसकी कीमतों में 16 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई थी. अप्रैल 2020 के बाद यह सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट थी.
हालांकि, ट्रंप ने साफ किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी फिलहाल जारी रहेगी. इस क्षेत्र के आसपास तेल टैंकरों पर हमले और ईरान के क़ेश्म द्वीप पर अमेरिकी हमलों की खबरों ने सप्लाई को लेकर चिंता बनाए रखी है.
दूसरी तरफ, ईरान का कहना है कि बातचीत शुरू करने से पहले अमेरिका को उसकी शर्तों पर ठोस कदम उठाने होंगे. ईरान की ओर से बातचीत की खबरों को खारिज किया गया है. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी जल्द किसी बड़े समझौते की उम्मीदों को कम बताया है. सऊदी अरब और ओमान ने दोनों देशों से बातचीत के जरिए तनाव कम करने की अपील की है.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है. खाड़ी देशों से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल इसी रास्ते से दुनिया के दूसरे देशों तक पहुंचता है.अगर इस रास्ते से तेल टैंकरों की आवाजाही प्रभावित होती है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई कम हो सकती है. इससे कीमतों में तेजी आने का खतरा रहता है.
फिलहाल नए सैन्य हमलों पर रोक की उम्मीद से बाजार को राहत मिली है. लेकिन जब तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल टैंकरों की सुरक्षित आवाजाही सामान्य नहीं होती, तब तक सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बनी रहेगी.
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट की एक और वजह बाजार में मांग के मुकाबले ज्यादा सप्लाई होना है.रिपोर्ट्स के मुताबिक, मॉर्गन स्टेनली ने कहा है कि फिजिकल मार्केट में ब्रेंट क्रूड की कीमत निकट अवधि के फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट से नीचे आ गई है. इसका मतलब है कि तुरंत डिलीवरी के लिए उपलब्ध कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव है. यह कमजोर मांग का संकेत हो सकता है.
वहीं, JPMorgan के अनुमान के मुताबिक, अक्टूबर में दुनियाभर में कच्चे तेल की सप्लाई मांग से करीब 14 लाख बैरल प्रतिदिन ज्यादा रही. बैंक का मानना है कि तेल की ऊंची कीमतों के कारण कई जगह खपत में कमी आई है.
इसके अलावा, तेल उत्पादक देशों के संगठन OPEC ने भी अक्टूबर में उत्पादन बढ़ाया है. Reuters के सर्वे के मुताबिक, अक्टूबर में OPEC देशों का कुल उत्पादन 2.287 करोड़ बैरल प्रतिदिन रहा. सितंबर के मुकाबले इसमें 13.8 लाख बैरल प्रतिदिन की बढ़ोतरी हुई.
सऊदी अरब, कुवैत और इराक ने उत्पादन बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. हालांकि, शिपिंग से जुड़ी परेशानियों के कारण यह अतिरिक्त तेल कितना बाजार तक पहुंच पाता है, यह अभी साफ नहीं है.
आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों की दिशा तय करने में कुछ अहम आंकड़ों की भूमिका रहेगी. अमेरिकी एनर्जी इंफॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन (EIA), OPEC और इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) की मासिक रिपोर्ट से दुनिया में तेल की मांग और सप्लाई की नई तस्वीर सामने आएगी.
इसके अलावा, अमेरिका में कच्चे तेल के भंडार के आंकड़ों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी. Reuters के शुरुआती सर्वे के मुताबिक, पिछले सप्ताह अमेरिका में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों का स्टॉक घटने की संभावना है.
अमेरिका के स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व (SPR) में कच्चे तेल का भंडार घटकर 27.95 करोड़ बैरल रह गया है. यह अक्टूबर 1982 के बाद का सबसे निचला स्तर है.
यह भी पढ़ें: UP Petrol Diesel Price Today: पेट्रोल-डीजल के दाम में बड़ा बदलाव! नोएडा से लखनऊ तक देखें आज के नए रेट
Nvidia CEO जेनसन हुआंग की संपत्ति 155.4 अरब डॉलर आंकी गई है. तलाक की अटकलों…
Mamta Kulkarni Viral Video: ममता कुलकर्णी का कोलकाता के एक कार्यक्रम का वीडियो वायरल हो…
Pawan Kalyan Divorce: एक्टर और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण की तीसरी शादी…
10 नवंबर को दिवाली-बालिप्रतिपदा के कारण NSE और BSE में कारोबार बंद रहेगा. शेयर बाजार…
UP Petrol Diesel Price Today: उत्तर प्रदेश में 10 नवंबर को पेट्रोल-डीजल के नए रेट…
'Ramayana: Rise of a Legend' box office collection day 5: फिल्म को दर्शकों की ओर…