EPFO 3.0 Rule: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पिछले साल EPFO 3.0 पेश किया था, ताकि रिटायरमेंट बॉडी के डिजिटल फ्रेमवर्क और काम करने के तरीकों को मॉडर्न बनाया जा सके. उम्मीद है कि EPFO 3.0, 2026 के मध्य तक पूरी तरह से लागू हो जाएगा, जिसका मकसद लाभार्थियों को एक आसान और बिना किसी रुकावट वाला अनुभव देना है.
EPFO 3.0 के तहत कई बड़े बदलावों का प्रस्ताव रखा गया है, जिनमें प्रोविडेंट फंड तक आसान पहुंच, ऑटो-क्लेम सेटलमेंट, एटीएम और यूपीआई का इस्तेमाल करके तुरंत पीएफ निकालना और कर्मचारी की पसंद के बैंक खातों में आसानी से फंड ट्रांसफर करना शामिल है.
EPFO 3.0 के तहत कौन-कौन से बड़े बदलाव हुए?
EPFO 3.0 के तहत सबसे बड़े बदलावों में से एक यह है कि अब एटीएम और यूपीआई का इस्तेमाल करके पीएफ का पैसा निकालने का विकल्प उपलब्ध होगा. यूपीआई और एटीएम के माध्यम से पीएफ बैलेंस निकालने से अपना पैसा पाने के लिए बैंकों या ईपीएफओ दफ्तरों के चक्कर लगाने की परेशानी खत्म हो जाएगी.
ईपीएफओ यूपीआई या एटीएम का इस्तेमाल करके पीएफ बैलेंस निकालने की ऊपरी सीमा को खाते में जमा कुल रकम के 50 प्रतिशत तक सीमित कर सकता है. ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि सदस्यों को बाकी बचा हुआ बैलेंस बचाने में मदद मिल सके और वे इसे किसी इमरजेंसी की स्थिति में इस्तेमाल कर सकें.
यूपीआई और एटीएम से पीएफ कैसे निकाला जाएगा?
कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, EPFO सदस्यों के लिए एटीएम कार्ड जारी करेगा, जिससे वे सीधे एटीएम से पैसे निकाल सकेंगे. ये पीएफ निकालने वाले कार्ड खाताधारकों के पीएफ खाते से जुड़े होंगे.
एटीएम और यूपीआई का इस्तेमाल कर पीएफ बैलेंस कौन निकाल सकता है?
ईपीएफओ सदस्यों को पीएफ का पैसा आसानी से निकालने के लिए कुछ पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा. सदस्यों के पास एक एक्टिव यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) होना ज़रूरी है. मोबाइल नंबर और यूएएन दोनों ही एक्टिव स्थिति में होने चाहिए. इसके अलावा, यूएएन, आधार, पैन, खाता संख्या और आईएफएसएसी कोड जैसे केवाईसी दस्तावेजों से जुड़ा होना चाहिए.