Gold Silver Price Crash Today: आज सुबह से ही सोने और चांदी में गिरावट देखी जा रही है. दोपहर 1 बजे तक चांदी 12,000 रुपये प्रति किलो से ज़्यादा गिर चुकी थी. सोना भी करीब 5,000 रुपये प्रति 10 ग्राम गिरा है. सोने में लगातार गिरावट जारी है. इस गिरावट की वजह से 10 ग्राम सोने की कीमत 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है. ठीक 10 दिन पहले इसकी कीमत 1,60,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज़्यादा थी. इसका मतलब है कि 10 दिनों में सोना करीब 11,000 रुपये गिर चुका है. अगर चांदी की बात करें तो 10 दिन पहले MCX पर इसकी कीमत 2,60,000 रुपये प्रति किलो से ज़्यादा थी. अब इसकी कीमत घटकर करीब 2,30,000 रुपये प्रति किलो पर आ गई है. इसका मतलब है कि 10 दिनों में चांदी 30 हज़ार रुपये प्रति किलो से ज़्यादा गिर चुकी है.
कितना चल रहा है सोने और चांदी का भाव?
दोपहर 1:31 बजे MCX पर 1 किलो चांदी का भाव ₹2,33,388 है. चांदी अब तक ₹2,33,308 प्रति किलो के सबसे कम और ₹2,45,674 प्रति किलो के सबसे ज़्यादा भाव पर पहुंच चुकी है. इसमें ₹14,000 से ज़्यादा की गिरावट आ चुकी है.दोपहर 1.33 बजे एमसीएक्स में 10 ग्राम सोने का भाव 1,48,201 रुपये चल रहा है. इसमें 4824 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट है. सोने ने अब तक 1,48,144 रुपये प्रति 10 ग्राम का लो और 1,52,449 रुपये प्रति किलो का हाई बनाया है.
29 जनवरी को चांदी के दामों ने तोड़े थे रिकॉर्ड
ध्यान दें कि पिछले दो सालों से सोने और चांदी की कीमतों में एकतरफा तेजी देखी जा रही थी. 29 जनवरी, 2026 को चांदी की कीमत 4.20 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गई थी. लेकिन उसके बाद से लगातार गिरावट देखी जा रही है. 2 फरवरी, 2026 को चांदी की कीमत गिरकर ₹2.25 लाख प्रति किलोग्राम पर आ गई थी. ऐसा प्रॉफिट-बुकिंग के कारण हुआ था.
जंग के बीच सोने और चांदी में भी बिकवाली हावी
लेकिन अब चांदी एक बार फिर इसी कीमत के आस-पास पहुंच गई है. चांदी अब 29 जनवरी के अपने हाई से लगभग ₹1.85 लाख प्रति kg गिर चुकी है. अभी चांदी ₹2.35 लाख प्रति kg के आस-पास ट्रेड कर रही है. अक्सर देखा जाता है कि ग्लोबल टेंशन के समय, खासकर जब जंग चल रही हो, तो इन्वेस्टर सोने और चांदी को सेफ इन्वेस्टमेंट मानते हैं. हालांकि, इस बार हालात थोड़े अलग हैं. सोने और चांदी पर दबाव बढ़ रहा है.