Mukhyamantri Vrindavan Gram Yojana: देश में ग्रामीण क्षेत्रों और लोगों को लाभ पहुंचाने वाली वैसे तो कई योजनाएं चल रही हैं. लेकिन, जानकारी के अभाव में कई बार हम इनका लाभ नहीं उठा पाते हैं. केंद्र ही नहीं, बल्कि बहुत सी राज्य सरकारें भी अक्सर लोगों के रोजगार और विकास के लिए नई-नई योजनाएं लेकर आती रहती है. इसलिए सही समय पर योजना का लाभ उठाने के लिए आपको थोड़ा सक्रिय रहना चाहिए. ऐसे ही ग्रामीण क्षेत्रों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए पिछले साल मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना को मंजूरी दी गई थी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में इस योजना को मंजूरी मिली थी, जिसके तहत कुछ गावों को चुना जाएगा.
अभी भी बहुत से लोग इस योजना के बारे में नहीं जानते हैं. इस लेख में हम आपको इस योजना के बारे में बताएंगे साथ ही इसका लाभ कौन और कैसे उठा सकता है इस बात की भी जानकारी आपसे साझा करेंगे.
क्या है मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना?
दरअसल, मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना (Mukhyamantri Vrindavan Gram Yojana) गावों के विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की एक योजना है. इसके तहत हर जिले में से एक गांव को चुना जाएगा. ऐसे गांवों को चुनकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा और उनका विकास किया जाएगा. इन गांवों को नया विकास मॉडल देकर योजना के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण से लेकर गौ-पालन और डेयरी विकास तक में आत्मनिर्भर बनाया जाएगा.
कौन उठा सकता है योजना का लाभ
मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना का लाभ किसी एक व्यक्ति या परिवार को नहीं, बल्कि पूरे गांव को मिलेगा. इसके तहत गांव का हर व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा सकता है. लेकिन इसके लिए सरकार द्वारा ऐसे गांवों को चुना जाएगा, जिसकी जनसंख्या कम से कम 2000 हो. इतना ही नहीं इसके लिए सरकार द्वारा एक और शर्त रखी गई है कि योजना के तहत केवल ऐसे गांव ही चुने जाएंगे, जिनमें गौ-वंश की कम से कम संख्या 500 होनी चाहिए. अगर आपका गांव इन पैरामीटर्स पर फिट बैठतै है तो आप तक इसका लाभ पहुंच सकता है.