Nyaya Setu on WhatsApp: आज के समय में कानून की जानकारी होना बेहद जरूरी है. अगर आपको कानून की जानकारी है तो ऐसे में आप कानूनी पचड़ों से आसानी से निकल सकते हैं. अगर आप कानून के बारे में कोई जानकारी नहीं रखते हैं तो आपको इसके लिए वकील के पास जाना पड़ता है और कई बार सलाह लेने के लिए उन्हें मुंह मांगी कीमत भी देनी पड़ती है.
अगर आपको कानूनी ज्ञान नहीं है तो भी आप कानून के बारे में सारी जानकारी ले सकते हैं. जी हां, ऐसे लोगों के लिए भारत सरकार ने ‘न्याय सेतु’ नाम के डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है. हालांकि, यह साल 2024 में ही लॉन्च किया गया था.
क्या है न्याय सेतु?
न्याय सेतु एक प्रकार का डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां आप या कोई भी आम नागरिक कानूनी सलाह ले सकता है. इस सुविधा के लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है, बल्कि आप घर बैठे व्हाट्सएप पर भी कानूनी जानकारी ले सकते हैं. इस प्लेटफॉर्म के तहत आपको जिस भी संदर्भ में कानूनी जानकारी चाहिए आप वह बताकर बिना किसी झंझट के ले सकते हैं. इसके जरिए आप कानूनी जानकारी, कानूनी सलाह लेने के साथ ही साथ कानूनी मदद के लिए भी गुहार लगा सकते हैं. इसके लिए आपको किसी तरह की फीस नहीं देनी है. आमतौर पर आप घरेलू हिंसा, संपत्ति को लेकर विवाद के साथ ही साथ तलाक आदि के बारे में जानकारी ले सकते हैं.
कैसे ले सकते हैं कानूनी जानकारी?
न्याय सेतु के जरिए कानूनी जानकारी लेने के लिए आपको 7217711814 इस नंबर को अपने फोन में सेव कर लेना है. अब आपको Tele-Law नाम से यह नंबर दिखाई देगा. जानकारी लेने के लिए इस नंबर पर हेलो लिखकर भेजें. इसके तुरंत बाद चैटबॉक्स आपको कुछ ऑप्शन्स देगा, जिसमें आपको अपनी कानूनी जानकारी, सहायता या सलाह पर क्लिक करना है. इसके बाद आप चैटबॉक्स में अपने सवालों का जवाब ले सकते हैं.