CA Career Scope: चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनना हमेशा से एक चुनौतीपूर्ण सफर माना जाता है, लेकिन जो लोग इस राह पर डटे रहते हैं, उनके लिए यह करियर शानदार अवसर लेकर आता है. हाल ही में मीनल गोयल (Meenal Goyal) ने CA प्रोफेशन की वास्तविक तस्वीर साझा करते हुए बताया कि इस क्षेत्र में कमाई पूरी तरह आपके चुने गए करियर पथ पर निर्भर करती है.
मीनल गोयल के अनुसार अगर कोई छात्र सभी परीक्षाएं पहली बार में पास कर ले, तो करीब 5 साल में CA बन सकता है. यह समय अपेक्षाकृत कम है, खासकर उस आर्थिक स्थिरता और सम्मान को देखते हुए जो इस प्रोफेशन में मिलता है.
छोटी और बड़ी फर्म में सैलरी का अंतर
CA बनने के बाद शुरुआती करियर में सैलरी फर्म के आकार पर काफी निर्भर करती है. छोटी अकाउंटिंग फर्म में शुरुआती पैकेज लगभग 4 से 6 लाख रुपये सालाना होता है. वहीं बड़ी फर्म में यही सैलरी 10 से 12 लाख रुपये तक पहुंच सकती है. यह अंतर जिम्मेदारियों, क्लाइंट प्रोफाइल और काम के अनुभव के आधार पर होता है.
इंडस्ट्री में मिलते हैं हाई पैकेज
अगर कोई CA कॉर्पोरेट सेक्टर या इंडस्ट्री में जाता है, तो कमाई के अवसर और भी ज्यादा बढ़ जाते हैं. यहां पैकेज 25 लाख से लेकर 50 लाख रुपये सालाना तक हो सकता है. यह पूरी तरह आपके अनुभव, स्किल्स और कंपनी के स्तर पर निर्भर करता है.
खुद का प्रैक्टिस शुरू करने का फायदा
CA प्रोफेशन का एक बड़ा फायदा यह है कि आप अपना खुद का काम शुरू कर सकते हैं. खुद की प्रैक्टिस में शुरुआत में चुनौतियां हो सकती हैं, लेकिन जैसे-जैसे क्लाइंट बेस मजबूत होता है, कमाई की कोई सीमा नहीं रहती. इस रास्ते में आपको काम की आज़ादी, बेहतर नियंत्रण और लंबे समय तक स्थिर आय का मौका मिलता है. कई सफल CA अपने खुद के ब्रांड के जरिए बड़ी फर्मों से भी ज्यादा कमाई कर रहे हैं.
सफलता के लिए जरूरी है धैर्य और मेहनत
मीनल गोयल का मानना है कि CA बनने का सफर आसान नहीं है. इसमें निरंतर मेहनत, अनुशासन और धैर्य की जरूरत होती है। लेकिन एक बार यह मुकाम हासिल करने के बाद करियर के कई रास्ते खुल जाते हैं.