CA Success Story: जब दिल जिद्दी हो, तो मंज़िल खुद रास्ता बना लेती है. यह पंक्ति मुंबई की सुरभि गांधी (Surbhi Gandhi) की जिंदगी पर बिल्कुल फिट बैठती है. कभी अपने कमरे में CA की किताबों के बीच बैठी सुरभि सोचती थीं कि क्या यही उनका असली रास्ता है. एक पारंपरिक मारवाड़ी परिवार में पली-बढ़ीं सुरभि ने हमेशा आत्मनिर्भर और आज़ाद जीवन का सपना देखा. चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सुरक्षित करियर की बजाय अपने जुनून को चुना.
आज वह न सिर्फ एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, बल्कि योग ट्रेनर, कंटेंट क्रिएटर और अपने वेलनेस ब्रांड ‘प्रो फिरो’ की संस्थापक भी हैं. उनकी कहानी बताती है कि हिम्मत और दृढ़ निश्चय से करियर में नई पहचान बनाई जा सकती है.
CA से आत्मनिर्भरता तक: संघर्ष और सफलता की कहानी
सुरभि ने कॉमर्स चुना और CA बनने का फैसला किया. उन्होंने पहले ही प्रयास में शुरुआती स्तर पास किया, लेकिन फाइनल परीक्षा ने उन्हें झकझोर दिया. असफलता के बाद उन्होंने हार नहीं मानी. वर्ष 2022 में उन्होंने CA फाइनल क्लियर किया. उनके लिए यह सिर्फ डिग्री नहीं थी, बल्कि आर्थिक स्वतंत्रता की चाबी थी. उनके पिता विनीत गांधी कहते हैं कि सुरभि हमेशा शांत लेकिन दृढ़ निश्चयी रहीं. 14-14 घंटे की पढ़ाई और सोशल मीडिया से दूरी ने उनके लक्ष्य को मजबूत किया.
कोविड के दौर में योग से नई पहचान
लॉकडाउन के दौरान सुरभि ने योग को फिर से अपनाया. उन्होंने कई प्लेटफॉर्म्स से सीखते हुए उन्होंने अपनी प्रैक्टिस को निखारा. धीरे-धीरे उन्होंने सोशल मीडिया पर योग कंटेंट बनाना शुरू किया. पारंपरिक CA करियर से हटकर वेलनेस इंडस्ट्री में कदम रखना आसान नहीं था. परिवार के लिए यह चौंकाने वाला था, लेकिन उनके आत्मविश्वास ने सबका भरोसा जीता.
ग्लोबल मंच पर सुरभि की पहचान
उनकी मेहनत तब रंग लाई जब बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन ने उनका कंटेंट रीपोस्ट किया. 21 जून 2025 को इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा दुबई में आयोजित इंटरनेशनल योग वर्कशॉप में उन्होंने सेशन लिया. यह उनके लिए वैश्विक पहचान की शुरुआत थी.
‘Unstoppable’ पॉडकास्ट और नई उड़ान
वर्ष 2024 में उन्होंने अपना पॉडकास्ट “Unstoppable with Surbhi” शुरू किया. बिना बड़े संसाधनों के शुरू हुए इस शो ने जल्द ही लोकप्रियता हासिल की. उनके यूट्यूब चैनल पर 67,000 से अधिक सब्सक्राइबर हैं, जहां वह उद्यमियों और प्रोफेशनल्स से प्रेरक बातचीत करती हैं.
प्रो फिरो: वेलनेस से जीवन परिवर्तन
आज सुरभि अपने ब्रांड ‘प्रो फिरो’ के जरिए फेस योग, स्ट्रेस-रिलीफ और कॉर्पोरेट वेलनेस प्रोग्राम चलाती हैं. वह मानती हैं कि फिटनेस और फाइनेंस दोनों जीवन के आधार हैं. 19 साल की उम्र में USA में भारत का प्रतिनिधित्व और दुबई में योग सेशन लीड कर चुकी हैं.