HAL Story: रक्षा क्षेत्र में LCA मैन के नाम से पहचाने जाने वाले रवि कोटा (Ravi Kota) को सरकारी एयरोस्पेस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) का नया चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर चुना गया है. वह मई 2026 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जब मौजूदा CMD डी.के. सुनील अप्रैल के अंत में सेवानिवृत्त हो जाएंगे. डिफेंस सेक्टर से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, रवि कोटा का चयन पब्लिक एंटरप्राइजेज सिलेक्शन बोर्ड (PESB) द्वारा किया गया है और उनकी नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया फिलहाल जारी है.
कई दावेदारों में से कोटा पर लगी मुहर
HAL प्रमुख के इस अहम पद के लिए कुल आठ उम्मीदवारों पर विचार किया गया था, जिनमें से छह उम्मीदवार HAL के ही वरिष्ठ अधिकारी थे. PESB की बैठक में रवि कोटा के नाम पर अंतिम मुहर लगी. वर्तमान में वह HAL में डायरेक्टर (ऑपरेशंस) के पद पर कार्यरत हैं.
LCA तेजस से जुड़ा रहा है कोटा का लंबा सफर
मैकेनिकल इंजीनियरिंग के ग्रेजुएट रवि कोटा IIM अहमदाबाद और फ्रांस के इंस्टीट्यूट एयरोनॉटिक्स एट स्पेसियल (आईएएस) के पूर्व छात्र हैं. वह पहले HAL के LCA डिवीजन में जनरल मैनेजर रह चुके हैं और भारतीय वायु सेना में तेजस फ्लीट के ऑपरेशनलाइजेशन की अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं. उन्होंने वर्ष 2021 में 83 LCA Mk1A विमानों की सप्लाई के लिए 36,000 करोड़ रुपये से अधिक के कॉन्ट्रैक्ट को पूरा करने वाली टीम का नेतृत्व किया. इसके अलावा, 97 अतिरिक्त तेजस विमानों के ऑर्डर पर भी IAF के साथ मिलकर काम किया.
तेजस Mk1A डिलीवरी की चुनौती में बड़ी जिम्मेदारी
रवि कोटा की नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है, जब HAL को तेजस Mk1A लड़ाकू विमानों की डिलीवरी में देरी को लेकर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. यह देरी अमेरिकी कंपनी GE से इंजन सप्लाई में रुकावट, हथियार प्रणाली और रडार के इंटीग्रेशन में तकनीकी अड़चनों के कारण हुई है. भारतीय वायु सेना (IAF) पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह तेजस Mk1A को तभी शामिल करेगी, जब HAL द्वारा किए गए सभी तकनीकी वादे पूरी तरह पूरे होंगे. ऐसे में कोटा से उम्मीद है कि वह अपने मजबूत ऑपरेशनल अनुभव के दम पर प्रोडक्शन और डिलीवरी प्रक्रिया को तेज करेंगे.
HAL के आधुनिकीकरण पर भी नजर
संयोग से कोटा के कार्यभार संभालने से ठीक पहले बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (BCG) रक्षा मंत्रालय को एक अहम रिपोर्ट सौंपने वाला है. यह रिपोर्ट बताएगी कि HAL को कैसे एक आधुनिक और प्रतिस्पर्धी विमान निर्माण कंपनी में बदला जा सकता है. रिपोर्ट 31 मार्च तक जमा होने की संभावना है.
स्वदेशीकरण और उत्पादन क्षमता में अहम योगदान
कोटा ने प्रति वर्ष 16 तेजस विमानों के निर्माण की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. LCA ट्विन-सीटर विमान की पहली डिलीवरी, स्वदेशी कंटेंट बढ़ाने की पहल और प्राइवेट पार्टनर्स को जोड़कर HAL को एक लीड इंटीग्रेटर के रूप में स्थापित करना उनकी बड़ी उपलब्धियों में शामिल है. विशेषज्ञों का मानना है कि कोटा का अनुभव HAL और भारत की एयर डिफेंस क्षमताओं के लिए निर्णायक साबित हो सकता है.