Job Leave for Passion: आज के दौर में जहां लोग एक सुरक्षित और अच्छी सैलरी वाली नौकरी (Job) पाने के लिए सालों मेहनत करते हैं, वहीं एक लड़की के फैसले सबका ध्यान खींच रहा है. उन्होंने अपनी 50 लाख सालाना पैकेज वाली कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में कदम रखा और अब उनकी कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. हम जिनकी बात कर रहे हैं उनका नाम सान्या बत्रा (Sanya Batra) है.
सान्या ने अपनी कहानी Instagram पर एक वीडियो के जरिए साझा की, जिसमें उन्होंने खुलकर बताया कि यह फैसला लेना कितना मुश्किल था. उन्होंने स्वीकार किया कि नौकरी छोड़ते समय वह बेहद डरी हुई थीं. उनके आसपास के लोग भी इस निर्णय को जोखिम भरा मान रहे थे. उनके मन में भी वही सवाल थे कि अगर यह काम नहीं चला तो? क्या मैं गलत कर रही हूँ? एक स्थिर करियर को छोड़ना केवल नौकरी छोड़ना नहीं था, बल्कि उस सुरक्षा को भी पीछे छोड़ना था जो इसके साथ आती है.
बिना गारंटी के नई शुरुआत
सान्या ने बिना किसी निश्चित आय या प्लान के नए सिरे से शुरुआत की. उनके पास सिर्फ एक फोन, एक सपना और खुद पर भरोसा था. उन्होंने लगातार कंटेंट बनाना शुरू किया, सीखती रहीं, गलतियों से सुधार करती रहीं और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाने लगीं. हालांकि यह सफर आसान नहीं था. कई बार काम धीमा पड़ा, आत्मविश्वास डगमगाया और उन्होंने अपने फैसले पर सवाल भी उठाए. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार आगे बढ़ती रहीं.
मेहनत और धैर्य से मिली सफलता
समय के साथ उनकी मेहनत रंग लाई. आज सान्या खुद को एक सफल कंटेंट क्रिएटर के रूप में देखती हैं. उनके लिए सफलता का मतलब सिर्फ पैसा नहीं, बल्कि वह संतुष्टि है जो उन्हें अपने काम से मिलती है. अब वह हर सुबह उत्साह के साथ उठती हैं क्योंकि वह वही कर रही हैं जो उन्हें सच में पसंद है.
लोगों के लिए प्रेरणा बनी कहानी
सान्या की यह यात्रा उन लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है जो अपने करियर को लेकर दुविधा में हैं. उनका मानना है कि जीवन के सबसे डरावने फैसले ही हमें सही दिशा में ले जाते हैं. उनकी पोस्ट पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी है. कई यूज़र्स ने उनके साहस की तारीफ की और कहा कि अपने जुनून के लिए इतना बड़ा जोखिम उठाना हर किसी के बस की बात नहीं होती.