DC vs MI Head To Head: आईपीएल 2026 का 8वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) और मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की भिड़ंत होगी. यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है, क्योंकि दोनों टीमें शानदार फॉर्म में चल रही हैं. दिल्ली और मुंबई दोनों ही टीमें अपना पहला मुकाबला जीतकर आ रही हैं. दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पहले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को मात दी थी. वहीं, हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को अपने घर में हराया था. अब ये दोनों दिल्ली में टीमें एक-दूसरे से भिड़ने के लिए तैयार हैं. यह मुकाबला 4 अप्रैल यानी शनिवार को दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा, जिसके लिए आधे घंटे पहले यानी 3 बजे टॉस होगा. ऐसे में आइए जानते हैं कि दोनों टीमों के बीच आमने-सामने कैसा रिकॉर्ड रहा है.
आंकड़ों में किसका पलड़ा भारी?
हेड टू हेड की बात करें, तो आईपीएल में अभी तक दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच कुल 37 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से 16 मैच दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने जीते हैं. वहीं, मुंबई इंडियंस ने 21 मुकाबले अपने नाम किए हैं. ऐसे में आंकड़ों को देखें, तो मुंबई इंडियंस का पलड़ा थोड़ा भारी दिखाई देता है. IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच खेले गए थे. इनमें से दोनों बार मुंबई इंडियंस ने बाजी मारी थी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को निराशा मिली थी. दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी बार IPL 2024 में मुंबई इंडियंस को 10 रन से हराया था.
हालांकि दिल्ली कैपिटल्स का अपने होम ग्राउंड में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड है. IPL में अभी तक दिल्ली कैपिटल्स ने अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कुल 13 मुकाबले खेले हैं. इनमें से 7 मैचों में दिल्ली कैपिटल्स ने जीत हासिल की है, जबकि 6 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है.
क्या गुल खिलाएगी दिल्ली की पिच?
यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान पर अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं. अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए सबसे अच्छी मानी जाती है. खासकर बाउंड्री छोटी होने का कारण छक्के लगाना आसान हो जाता है. इस मैदान पर पिछले कुछ सालों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 200 के आसपास रहा है. ऐसे में दिल्ली के फैंस को एक हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिलेगा.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसंका/पृथ्वी शॉ, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी/आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार. (इम्पैक्ट सब: टी नटराजन)
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रायन रिकल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मयंक मारकंडे, ट्रेंट बोल्ट. (इम्पैक्ट सब: सूर्यकुमार यादव)