RR vs RCB Guwahati weather today: IPL 2026 के सीजन पर इस वक्त बारिश का साया मंडरा रहा है और यही इस टूर्नामेंट के लिए सबसे बड़ा खतरा बनी हुई है. बारिश न सिर्फ मैच शुरू होने से पहले ही उसे खत्म कर सकती है, बल्कि ओवरों की कटौती कर खेल का रोमांच भी आधा कर देती है. कई बार तो यह एक टीम से जीत का मौका छीनकर दोनों में बराबर अंक बांट देती है, जो फैंस और खिलाड़ियों दोनों के लिए मायूसी भरा होता है.
राजस्थान रॉयल्स (RR) हाल ही में इसका शिकार बनी, जब मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में भारी बारिश के चलते मैच ढाई घंटे देरी से शुरू हुआ और मुकाबला सिर्फ 11-11 ओवरों का रह गया. अब अपने चौथे मैच में राजस्थान का सामना डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होना है, लेकिन गुवाहाटी के आसमान में एक बार फिर काले बादल छाए हुए हैं. आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की चेतावनी ने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं. गुवाहाटी में इस सीजन का यह आखिरी मुकाबला है.
बरसापारा स्टेडियम में आज कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, गुवाहाटी का मौजूदा तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास है और बारिश की संभावना 78% तक बनी हुई है. जैसे-जैसे शाम ढलेगी, बारिश के आसार थोड़े कम (लगभग 50%) जरूर होंगे, लेकिन टॉस में देरी होने की पूरी आशंका है. जिले में IMD ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ तेज आंधी की चेतावनी दी है.
RR vs RCB: क्या आज बरसेगा पानी?
हालांकि, एक्यूवेदर की रिपोर्ट थोड़ी राहत देने वाली है. इसके अनुसार मैच शुरू होने के समय तक बारिश की संभावना काफी कम हो जाएगी. मैच के दौरान आसमान साफ होने की उम्मीद है और बादल सिर्फ 12% रह सकते हैं. बारिश का चांस गिरकर 5% तक आ सकता है, जिससे एक पूरे 20-ओवर के मैच की उम्मीद जगी है.
राजस्थान रॉयल्स इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में है. पिछले मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 27 रनों से हराने के बाद उनके हौसले बुलंद हैं. राजस्थान रॉयल्स अब अपनी चौथी लगातार जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल के टॉप पर बने रहना चाहेगी. फिलहाल राजस्थान 3 मैचों में 6 अंकों के साथ अजेय बनी हुई है.
दूसरी तरफ उनके सामने है डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), जो किसी भी मैदान को अपने फैंस के दम पर अपना होम ग्राउंड बनाने का दम रखती है. रजत पाटीदार की कप्तानी में पिछले साल अपनी पहली ट्रॉफी जीतने वाली यह टीम अब रुकने का नाम नहीं ले रही. RCB ने अपने पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से मात दी थी. इससे पहले उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद को भी 6 विकेट से हराया था. बेंगलुरु की टीम फिलहाल 2 मैचों में 4 अंकों के साथ टेबल में तीसरे नंबर पर है.