नई दिल्ली. आईपीएल 2026 (Indian Premier league) की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है. धोनी इस साल भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे. कुछ ही महीनों में एमएस धोनी 45 साल के होने वाले हैं, लेकिन उनके जुनून और फिटनेस में कोई कमी नहीं है. कई लोगों का मानना है कि IPL 2026 के बाद धोनी संन्यास ले सकते हैं. क्योंकि CSK पहले ही नए युग में प्रवेश कर चुका है. ऋतुराज गायकवाड़ को फुल-टाइम कप्तान बनाया गया है. कुछ लोग यह सवाल कर रहे थे कि टीम में कई प्रतिभाएं शामिल हैं ऐसे में धोनी को टीम में जगह मिलेगी या फिर नहीं? इसपर अश्विन ने जवाब दिया है.
भारत के स्पिन लेजेंड रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि अगर धोनी CSK स्क्वाड का हिस्सा हैं, तो उन्हें XI में जगह मिलना तय है. अश्विन ने अपने YouTube चैनल पर कहा. “अगर एमएस धोनी CSK स्क्वाड में हैं, और आपको XI बनाना है, तो इसमें कोई सवाल नहीं. वे होना ही चाहिए.”
उन्हें कोई नहीं रोक सकता
अश्विन “यह वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने मेलबर्न में स्टंप्स खींचकर टेस्ट क्रिकेट से चुपचाप संन्यास लिया था. अगर वे IPL में खेलना नहीं चाहते, तो वे पहले ही संन्यास ले चुके होते. वे अब भी 100% विश्वास रखते हैं कि वे खेल सकते हैं. वे पिछले तीन महीनों से प्रैक्टिस कर रहे हैं और संदेश दे रहे हैं, ‘सोचो जो चाहो, लेकिन मैं खेलूंगा.’ जब ऐसे खिलाड़ी खेलने के लिए तैयार हैं, तो कैसे कोई उन्हें रोक सकता है? यह नामुमकिन है.”
टीम हुई और मजबूत
टीम में संजू सैमसन को ट्रेड के जरिए टीम में शामिल किया गया है और स्क्वाड में युवा प्रतिभाओं को जगह दी गई है. ऐसे में यह सवाल उठता है कि धोनी की प्लेइंग इलेवन में भूमिका क्या होगी. लेकिन धोनी का प्रभाव सिर्फ बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग तक सीमित नहीं है. उनकी रणनीतिक समझ और अनुभव गायकवाड़ जैसे कप्तान के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, जो उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं.