70
CSK vs PBKS: चेन्नई सुपर किंग्स अपने घरेलू मैदान चेपॉक पर पंजाब किंग्स के खिलाफ 3 अप्रैल को सीजन का पहला होम मैच खेलने उतरेगी. पांच बार की चैंपियन चेन्नई की शुरुआत इस बार खराब रही और पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें सिर्फ 127 रन पर समेटकर 12.1 ओवर में मुकाबला जीत लिया. दूसरी ओर, पंजाब ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की. गुजरात के खिलाफ खेले गए मैच में टीम ने 3 विकेट से जीत दर्ज की, जिसमें कूपर कॉनली ने डेब्यू पर नाबाद 72 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया. आइए जानते हैं उन 5 प्लेयर्स के बारे में जिनपर सभी की नजरें रहेंगी.
चेन्नई के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की भूमिका बेहद अहम होगी, जिन्हें बल्लेबाजी में टीम को संभालना होगा और साथ में कप्तानी भी देखनी होगी. पहली हार के बाद उनपर दबाव भी है. वहीं, संजू सैमसन अपने पहले मैच की नाकामी को पीछे छोड़कर बड़ी पारी खेलना चाहेंगे. स्पिनर नूर अहमद भी चेपॉक की पिच पर मैच का रुख बदल सकते हैं. सीजन से पहले चेन्नई में शामिल हुए संजू सैमसन अपने पहले मैच में सस्ते में आउट हो गए थे. अगले मैच में उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
अय्यर से बड़ी उम्मीद
पंजाब के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर की लीडरशिप अहम होगी. श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2025 में पंजाब को फाइनल तक पहुंचाया था. लगातार दूसरी बार फाइनल खेलने वाले अय्यर इस सीजन में भी टीम की अगुवाई करते हुए बड़ा प्रभाव डालना चाहेंगे. कॉनॉली की फॉर्म और मार्को यानसेन की गेंदबाजी अहम रहेगी.
कॉनली पर भी नजरें
22 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कूपर कॉनली ने अपने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन किया था और चेन्नई के खिलाफ भी उनसे ऐसी ही पारी की उम्मीद रहेगी. इसके अलावा लंबे कद के तेज गेंदबाज मार्को यानसन पंजाब की गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे. इसके अलावा वह निचले क्रम में उपयोगी रन भी बना सकते हैं, जो टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. यह मुकाबला जहां चेन्नई के लिए वापसी का मौका है, वहीं पंजाब लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी.