Ishan Kishan Captaincy Record: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कल 28 मार्च से शुरू होने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) सीजन के शुरुआती मुकाबलों के लिए ईशान किशन को कप्तान बनाने का फैसला किया है. नियमित कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) की गैरमौजूदगी में यह जिम्मेदारी किशन को सौंपी गई है. जबकि अभिषेक शर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे. आइए जानते हैं ईशान किशन का कप्तानी रिकॉर्ड कैसा रहा है.
यह पहली बार होगा जब किशन इंडियन प्रीमियर लीग में कप्तानी करते नजर आएंगे, हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की थी. जहां उन्होंने 9 मैचों में 317 रन बनाए, 35,22 की औसत और 193.29 के दमदार स्ट्राइक रेट के साथ, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे. हालांकि IPL जैसे बड़े मंच पर उनकी कप्तानी का अनुभव सीमित है. लेकिन लीडरशिप का उनका रिकॉर्ड मजबूत रहा है.
ईशान किशन का शानदार रिकॉर्ड
घरेलू क्रिकेट में झारखंड की कप्तानी करते हुए किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में टीम को शानदार सफलता दिलाई. उनकी अगुवाई में टीम ने 11 में से 10 मुकाबले जीते और हरियाणा क्रिकेट टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया. कुल मिलाकर उन्होंने 2019 से अब तक 29 T20 मैचों में कप्तानी की है. जिसमें 24 जीत दर्ज की हैं, ऐसे में उनका रिकॉर्ड शानदार है. लेकिन आईपीएल की बात अलग होती है, यहां कप्तान पर काफी दबाव होता है.
कप्तान रहते हुए शतक भी ठोके
कप्तान के तौर पर किशन का प्रदर्शन और भी प्रभावशाली रहा है. इन 29 मैचों में उन्होंने 1078 रन बनाए हैं. औसत 43.12 रहा है और उनके सात टी20 शतकों में से चार कप्तान रहते हुए आए हैं. सैयद अली मुश्ताक ट्रॉफी के फाइनल में उनकी 45 गेंदों में खेली गई शतकीय पारी ने टीम की जीत तय की और इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें T20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम में दोबारा मौका मिला था.