RCB vs CSK: आईपीएल 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला 5 अप्रैल की शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जाएगा. इस मुकाबले में आरसीबी बनाम चेन्नई की सालों पुरानी राइवलरी देखने को मिलेगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी की टीम IPL 2026 में अपना दूसरा मुकाबला खेलने के लिए उतरेगी. आरसीबी की टीम ने अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था. अब आरसीबी चेन्नई को हराकर लगातार दूसरा मुकाबला जीतना चाहेगी. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने शुरुआती 2 मुकाबले हारकर आ रही है.
चेन्नई को पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स और दूसरे मैच में पंजाब किंग्स ने हराया है. ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आरसीबी को हराकर वापसी करना चाहेगी. हेड टू हेड रिकॉर्ड में भी चेन्नई की टीम आरसीबी से काफी आगे है, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए बेंगलुरु को जीत का प्रबल दावेदार बताया जा रहा है. आरसीबी बनाम चेन्नई का यह मुकाबला 5 अप्रैल की शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जो बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी में होगा. इस मैच में आरसीबी के 5 खिलाड़ी चेन्नई के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं.
विराट कोहली
इस लिस्ट में विराट कोहली (Virat Kohli) का नाम सबसे ऊपर आता है. विराट कोहली ने आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने चेन्नई के खिलाफ 35 मैचों में 38.2 की औसत से 1,146 रन बनाए हैं. IPL 2026 में भी विराट कोहली शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं. उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 38 गेंदों पर 69 रनों की नाबाद पारी खेली थी. ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स को विराट कोहली से बचकर रहना होगा.
जैकब डफी
चेन्नई सुपर किंग्स का टॉप ऑर्डर IPL 2026 में जूझता दिखाई दे रहा है. सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ दोनों ही तेज गेंदबाजों के सामने परेशान दिखाई दिए हैं. ऐसे में आरसीबी के जैकब डफी चेन्नई के बल्लेबाजों को खूब परेशान कर सकते हैं. जैकब डफी ने पिछले मैच में ही अपना आईपीएल डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 22 रन खर्च करके 3 विकेट चटकाए थे. ऐसे में जैकब डफी नई गेंद से चेन्नई के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं.
रोमारियो शेपर्ड
आरसीबी के खूंखार ऑलराउंडर रोमारियो शेपर्ड इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं. रोमारिया शेपर्ड गेंद और बल्ले दोनों से शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. पिछले साल उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज खलील अहमद के 1 ओवर में 33 रन ठोक दिए थे. इस साल चेन्नई की डेथ गेंदबाजी पहले से ज्यादा कमजोर है. ऐसे में आखिरी के ओवर्स में रोमारियो शेपर्ड सीएसके के गेंदबाजों की खूब पिटाई कर सकते हैं.
रजत पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) इस सीजन अलग ही लय में नजर आ रहे हैं. रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने IPL 2025 में पहली बार खिताब जीता था. अब वह टाइटल डिफेंड करने के लिए मैदान पर उतर रहे हैं. पिछले मुकाबले में पाटीदार ने अपनी बल्लेबाजी से जाहिर कर दिया था कि वो इस सीजन अटैकिंग क्रिकेट खेलने वाले हैं. रजत पाटीदार मिडिल ओवर्स में स्पिन को बहुत अच्छा खेलते हैं. ऐसे में वह मिडिल ओवर्स में चेन्नई के गेंदबाजों पर दबाव बना सकते हैं.
देवदत्त पडिक्कल
आरसीबी के स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने के बाद पडिक्कल उसी फॉर्म में आईपीएल खेलने के लिए पहुंचे हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ देवदत्त पडिक्कल ने 24 गेंदों पर 61 रनों की तूफानी पारी खेली थी. ऐसे में चेन्नई की कमजोर गेंदबाजी के सामने देवदत्त पडिक्कल बड़ा स्कोर बनाकर आरसीबी के पक्ष में मुकाबला लेकर जा सकते हैं.