IPL 2016 Final Throwback: आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अक्सर राइवलरी देखने को मिलती है. जब भी ये दोनों टीमें मैदान पर आमने-सामने होती हैं, तो खिलाड़ियों के साथ-साथ फैंस का जोश हाई रहता है. इन दोनों ही टीमों ने अभी तक 1-1 बार ट्रॉफी उठाई है. आरसीबी ने IPL 2025 में फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल का खिताब हासिल किया है. हालांकि आरसीबी की टीम 10 साल पहले ही ट्रॉफी उठा सकती थी, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद ने उनका सपना तोड़ दिया था. दरअसल, IPL 2016 का फाइनल मुकाबला आरसीबी और हैदराबाद के बीच खेला गया था. इस मुकाबले में विराट कोहली (Virat Kohli) की कप्तानी वाली आरसीबी को 8 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. उस समय आरसीबी की टीम विराट कोहली के अलावा क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स और केएल राहुल जैसे दिग्गज बल्लेबाज थे. इसके बावजूद आरसीबी की टीम ट्रॉफी नहीं उठा पाई थी.
कोहली-गेल की फिफ्टी भी नहीं आई काम
IPL 2016 के फाइनल मुकाबले में क्रिस गेल और विराट कोहली ने शानदार अर्धशतक भी लगाया था. इसके बावजूद आरसीबी को 8 रनों से हार झेलनी पड़ी थी. दरअसल, फाइनल मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी. एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए थे. SRH की ओर से कप्तान डेविड वॉर्नर ने 38 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली थी. उनके अलावा शिखर धवन ने 28, युवराज सिंह ने 38 और बेन कटिंग ने 39 रनों को योगदान दिया था. इसके दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को 209 रनों का टारगेट दिया.
आरसीबी की ओर से विराट कोहली और क्रिस गेल (Chris Gayle) पारी की शुरुआत करने उतरे. दोनों बल्लेबाजों ने शानदार अर्धशतक लगाया. क्रिस गेल ने 38 गेंदों पर 76 रनों की तूफानी पारी खेली. वहीं, विराट कोहली ने 35 गेंदों पर 54 रन बनाए. इन दोनों बल्लेबाजों को अलावा कोई दूसरा खिलाड़ी क्रीज पर ज्यादा देर टिक नहीं पाया. इसके चलते आरसीबी 20 ओवर में 200 रन ही बना पाई. इसके चलते आरसीबी को 8 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
IPL 2026 के पहले मैच में होगी भिड़ंत
साल 2016 में फाइनल हारने के बाद आरसीबी को ट्रॉफी जीतने में 9 साल का समय लग गया. आरसीबी ने साल 2025 में रजत पाटीदार की कप्तानी में पहली बार ट्रॉफी उठाई. अब IPL 2026 में आरसीबी की टीम डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतर रही है. इस नए सीजन का ओपनिंग मैच भी आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. ऐसे में फैंस को आईपीएल 2026 का पहले मुकाबले में भरपूर रोमांच दिखने वाला है.