Punjab Kings Team Fined: IPL 2026 के 7वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के कप्तान ने एक बार फिर कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन किया है. शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने स्लो ओवर रेट की गलती दोहराई है. इससे पहले उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में भी यह गलती थी. ऐसे में इस बार पंजाब किंग्स के कप्तान और उनकी टीम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. BCCI ने श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) पर CSK के खिलाफ स्लो ओवर रेट के लिए 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. इस सीजन में यह उनका दूसरा अपराध है, जो IPL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत आता है. इतना ही नहीं, पंजाब किंग्स के इम्पैक्ट प्लेयर प्रियांश आर्य समेत टीम की प्लेइंग-11 के सभी खिलाड़ियों पर जुर्माना लगा है. इन सभी खिलाड़ियों पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया जाएगा.
पहले भी की थी ये गलती
पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला था. इस मुकाबले में भी पंजाब किंग्स की टीम स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई थी. इसकी वजह से पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था. अब चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने लगातार दूसरी बार वही गलती दोहराई, जिसके चलते पूरी टीम को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा.
कैसा रहा पंजाब बनाम चेन्नई का मैच?
मैच की बात करें, तो पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने आईपीएल के 7वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन बनाए थे. CSK की ओर से आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों पर 73 रनों की पारी खेली. उनके अलावा शिवम दुबे ने नाबाद 45 और सरफराज खान ने 32 रन बनाए. इसकी बदौलत चेन्नई ने पंजाब के सामने 210 रनों का टारगेट रखा. पंजाब किंग्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 8 विकेट बाकी रहते ही मैच अपने नाम कर लिया. पंजाब की ओर से प्रियांश आर्य ने 39 रनों की तूफानी पारी खेली. उनके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर ने 50, प्रभसिमरन ने 43 और कूपर कॉनली ने 36 रनों की पारी खेली. इसके दम पर पंजाब किंग्स ने 18.4 ओवर में ही 210 रनों का टारगेट चेज कर लिया.