BBA Student Attacked: हरियाणा के भिवानी में पालुवास निवासी बीबीए छात्र रुद्र प्रताप पर 20 अक्टूबर की रात हमला किए जाने का आरोप है. शिकायत के मुताबिक, नीले रंग की कार ने उसकी बाइक को टक्कर मारी और फिर कार सवार लोगों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की. विरोध करने पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटा गया तथा पिस्तौल दिखाकर डराया गया.
BBA छात्र को पहले बाइक से गिराया, फिर पीटा
BBA Student Attacked: हरियाणा के भिवानी में बीबीए के एक छात्र पर हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कार सवार हमलावरों ने पहले बाइक से जा रहे छात्र को टक्कर मारकर गिराया, फिर उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की. छात्र के विरोध करने और भागने पर आरोपियों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से जमकर पिटाई की. पीड़ित के पिता के मुताबिक, हमले में उसके बेटे के हाथ-पैरों में करीब छह जगह फ्रैक्चर हुए हैं. आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर भी उसे डराया. घटना 20 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की वारदात कैद हुई है. पुलिस ने रुद्र प्रताप की शिकायत पर हिमांशु और अंकित समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
भिवानी जिले के गांव पालुवास निवासी रुद्र प्रताप बीबीए का छात्र है. उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शाम को मोटरसाइकिल से हुड्डा पार्क की ओर जा रहा था. रात करीब 8 बजे जब वह पालुवास मोड़ के पास पहुंचा, तो पीछे से एक नीले रंग की कार आई. आरोप है कि कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया. इसके बाद कार से तीन लोग उतरे और उसे जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने लगे. रुद्र ने खुद को बचाने के लिए विरोध किया और वहां से भागने की कोशिश की.
रुद्र के मुताबिक, जब वह आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागा, तो उन्होंने उसका पीछा किया और पकड़ लिया. आरोप है कि हमलावरों ने उस पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया. पीड़ित के पिता विनोद प्रताप के अनुसार, मारपीट में रुद्र के दोनों हाथों और पैरों में करीब छह जगह फ्रैक्चर हुए हैं. उसकी एड़ी और एड़ी के ऊपर वाले हिस्से में भी चोट आई है. घटना के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया. बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें आरोपी युवक पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं. फुटेज के मुताबिक, जमीन पर गिरा युवक मदद के लिए चिल्लाता रहा, जबकि आसपास मौजूद लोग घटना देखते नजर आए. शिकायत के अनुसार, हमलावरों की कार पर नंबर प्लेट नहीं थी. आरोप यह भी है कि वारदात के बाद आरोपियों ने वीडियो कॉल पर किसी से बात करते हुए कहा कि उन्होंने रुद्र का काम तमाम कर दिया है. इसके बाद वे धमकी देकर गाड़ी में फरार हो गए. इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है.
रुद्र के पिता विनोद प्रताप का आरोप है कि उनके बड़े बेटे ध्रुव के दोस्तों का पहले आरोपियों के साथ झगड़ा हुआ था. इसी रंजिश के चलते रुद्र को निशाना बनाया गया. पिता का कहना है कि रुद्र आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता था. बाद में उन्हें आरोपियों की पहचान के बारे में जानकारी मिली. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. विनोद प्रताप ने यह भी कहा कि सीसीटीवी फुटेज में हमलावर उनके बेटे पर लाठी-डंडे बरसाते दिखाई देते हैं और अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से वे चिंतित हैं.
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस को घटना की सूचना मिली थी और घायल रुद्र के बयान दर्ज किए गए हैं. शिकायत के आधार पर हिमांशु और अंकित समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही हमले की पूरी वजह और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
Bijnor News: बिजनौर के बढ़ापुर थाने के निलंबित प्रभारी निरीक्षक नीरज तोमर का एक महिला…
India vs New Zealand 2nd T20: भारत ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी20 मुकाबले में चार…
Abhishek Sharma World Record: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे T20I में अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले में…
Bihar Murder Case: बिहार के बगहा में 13 वर्षीय शिबू खान की हाल ही में…
MP News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया…
Tilak Varma World Record: भारत-न्यूजीलैंड दूसरे T20I में तिलक वर्मा ने 2026 में 26 कैच…