<
Categories: क्राइम

Firozabad murder case: मेरी हो जाओ, नहीं तो किसी की नहीं होने दूंगा, फिरोजाबाद में भाभी की हत्या कर फरार हुआ ममेरा देवर

Firozabad murder case: फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के कपावली ठार गांव में 24 वर्षीय तनू शर्मा की घर में गला घोंटकर हत्या कर दी गई. पति गौरव का आरोप है कि उनका ममेरा भाई रोहित काफी समय से तनू पर अपने साथ घर से भागने का दबाव बना रहा था और धमकियां देता था. शुक्रवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि रोहित ने महिला की हत्या कर दी और फरार हो गया.

Firozabad murder case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र के कपावली ठार गांव में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला का ममेरा देवर काफी समय से उस पर अपने साथ घर छोड़कर भागने का दबाव बना रहा था. शुक्रवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने कथित तौर पर महिला की पिटाई करने के बाद गला घोंट दिया. शनिवार सुबह शादी समारोह में सजावट का काम करके घर लौटे पति को पत्नी का शव रसोई में पड़ा मिला. इस दौरान घर में मौजूद तीनों मासूम बेटियों को मां की मौत का अहसास तक नहीं हुआ. वे रातभर उसे सोया हुआ समझकर जगाने की कोशिश करती रहीं. पुलिस ने पति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पति ने बताई पुरानी रंजिश

कपावली ठार निवासी गौरव शर्मा शादी समारोहों में सजावट का काम करते हैं. शुक्रवार को वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान उनकी पत्नी तनू शर्मा अपनी तीन बेटियों के साथ घर पर थीं. गौरव के मुताबिक, उनके ममेरे भाई रोहित निवासी गुड़िया टीकुर, सिरसागंज की नीयत उनकी पत्नी पर ठीक नहीं थी. वह काफी समय से तनू पर अपने साथ घर से भागने का दबाव बना रहा था. पति ने आरोप लगाया कि रोहित उन्हें धमकी देता था कि ‘मेरी हो जाओ, नहीं तो किसी की होने नहीं दूंगा.’ गौरव ने बताया कि उन्होंने ममेरे भाई की हरकतों का विरोध किया था और ननिहाल में भी इसकी शिकायत की थी. इसके बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं. बाद में दोनों परिवारों के बीच संबंध भी खत्म हो गए थे. पति के अनुसार, इसी पुराने विवाद के बीच शुक्रवार रात आरोपी घर पहुंचा और तनू से उसका झगड़ा हुआ.

बच्चों को कमरे में भेजकर किया हमला

छह वर्षीय बेटी सौम्या और तीन वर्षीय परी को कमरे में सोने के लिए भेज दिया था. इसके बाद महिला के साथ मारपीट की गई और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. शनिवार सुबह करीब पांच बजे गौरव घर लौटे तो उन्हें पत्नी रसोई में जमीन पर पड़ी मिली. महिला के चेहरे और गले पर चोट के निशान थे. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी.

मां को सोया समझकर रातभर जगाती रहीं बेटियां

इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू घर में मौजूद तीनों बच्चियों की स्थिति है. बताया गया है कि आरोपी के जाने के बाद दोनों बड़ी बेटियां कमरे से बाहर आईं तो मां को जमीन पर पड़ा देखा. उन्हें लगा कि मां सो रही हैं. वे बार-बार उन्हें हिलाकर जगाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन उन्हें यह पता नहीं था कि उनकी मां की मौत हो चुकी है.
वहीं, तीन महीने की सबसे छोटी बेटी आराध्या भूख के कारण रातभर रोती रही. दोनों बड़ी बहनें उसे भी संभालने की कोशिश करती रहीं. सुबह पिता के घर पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ. इस वारदात के बाद तीनों बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया.

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद नारखी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पति गौरव की शिकायत पर आरोपी रोहित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल आरोपी पर लगे आरोपों की जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.

sharma ranjana

Share
Published by
sharma ranjana

Recent Posts

पति से अफेयर का शक, फिर बाजार में आमने-सामने आईं दो महिलाएं, बाल पकड़कर सड़क पर पटक-पटककर पीटा

Rewa fight video: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के अतरैला बाजार में शनिवार को दो…

Last Updated: November 22, 2026 17:22:32 IST

Sapna Choudhary Divorce: 6 साल की शादी टूटने पर सपना ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- अब अच्छा नहीं है तो साथ नहीं हैं

Sapna Choudhary Divorce: हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने पति वीर साहू से तलाक की अर्जी…

Last Updated: November 22, 2026 16:45:04 IST

वोट नहीं तो लाइट नहीं! विधायक के PA की पत्नी की हार के बाद गांव से हटवाई गईं 50 स्ट्रीट लाइटें?

Rajasthan Panchayat Elections: राजस्थान के टोंक जिले के पीपलू पंचायत समिति क्षेत्र में करीब 50…

Last Updated: November 22, 2026 16:27:40 IST

पहले देता था ड्रग्स, फिर पत्नी को बिस्तर से बांध अजनबियों को बुलाकर करवाता था दुष्कर्म; 13 साल बाद खुला खौफनाक राज

Joan Young Rape Case: जोआन ने कहा कि यह समझना और मानना ​​बहुत मुश्किल रहा…

Last Updated: November 22, 2026 16:26:11 IST