Lawrence Bishnoi Gangster Story: भारत के खतरनाक गैंगस्टर के रूप में पहचाने जाने वाले लॉरेंस बिश्नोई उर्फ बलकारन बरार एक समय कानून की पढ़ाई कर रहे थे. फिर अचानक क्या हुआ कि वो इतना खूंखार अपराधी बन गया. लॉरेंस बिश्नोई ने कई मौके पर बॉलीवुड के सितारों को धमकी दी है. चलिए जानते हैं कि लॉरेंस बिश्नोई कैसे बना गैंग्स्टर.
पंजाब में हुआ था जन्म
लॉरेंस बिश्नोई का जन्म 12 फरवरी, 1993 को फिरोजपुर, पंजाब, भारत में हुआ था. उनके पिता हरियाणा पुलिस में कार्यरत थे. बिश्नोई का परिवार संपन्न था और पंजाब के दत्तरांवली गांव में उनके पास 100 एकड़ (40 हेक्टेयर) से अधिक कृषि भूमि थी. हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद, बिश्नोई कानून की पढ़ाई करने के लिए राज्य की राजधानी चंडीगढ़ चले गए और डीएवी कॉलेज में दाखिला ले लिया. बहुत जल्द बिश्नोई ने छात्र राजनीति में कदम रखा और कथित तौर पर प्रतिद्वंद्वी छात्र समूहों से टकराव करके आपराधिक दुनिया में प्रवेश किया. बिश्नोई कॉलेज के छात्र संघ के अध्यक्ष रहे. उन्हें आगजनी और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर चंडीगढ़ की जेल में भेज दिया गया, जहां कथित तौर पर वे अन्य कैदी गैंगस्टरों के प्रभाव में आ गए.
प्रेमिका की दुखद मौत ने हिलाकर रख दिया
न्यूज18 हिंदी की रिपोर्ट के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई को अबोहारहे के एक कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ते समय अपनी एक सहपाठी से प्यार हो गया था. बताया जाता है कि जब दोनों आगे की पढ़ाई के लिए चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज में दाखिल लिया. 2011 में कॉलेज चुनाव के बाद तनाव बढ़ गया, जिसका नतीजा लॉरेंस बिश्नोई के गुट और विरोधियों के बीच हिंसक झड़पों के रूप में सामने आया. जहां एक दुखद घटनाक्रम में, विरोधी गुट ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई की प्रेमिका को निशाना बनाया और एक क्रूर हमले में उसे आग लगा दी. इस घटना में लॉरेंस बिश्नोई की गर्लफ्रेंड की दुखद मौत हो गई. इसके बाद बिश्नोई प्रेमिका का बदला लेने के लिए भड़क गया.
इन मामलों से लॉरेंस बिश्नोई बन गया अपराधी
लॉरेंस बिश्नोई का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है, जिसमें हत्या और जबरन वसूली सहित दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. कहा जाता है कि बिश्नोई गैंग के नेटवर्क में 700 से अधिक निशानेबाज हैं और यह कनाडा, इटली और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में फैला हुआ है. 2013 में, बिश्नोई ने कथित तौर पर मुक्तसर के सरकारी कॉलेज चुनावों में विजयी उम्मीदवार के साथ-साथ लुधियाना नगर निगम चुनावों में एक प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार की गोली मारकर हत्या कर दी थी. उसने शराब की तस्करी में भी हाथ आजमाया और अपने गिरोह के भीतर हत्यारों को पनाह दी. 2014 में, बिश्नोई राजस्थान पुलिस के साथ एक सशस्त्र झड़प में शामिल थे, जिसके कारण उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया था.
12 अक्टूबर, 2024 को मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता बाबा सिद्दीकी की तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. हमलावरों में से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के दौरान उन्होंने दावा किया कि वे बिश्नोई के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए थे.
सलमान खान को बनाया निशाना
2018 में, बिश्नोई ने सबसे पहले सलमान खान की हत्या की योजना बनाई और संपत नेहरा को हत्या को अंजाम देने के लिए कहा. मुंबई के गैलेक्सी अपार्टमेंट्स स्थित अभिनेता के आवास की रेकी करने के बावजूद, नेहरा लंबी दूरी का हथियार न होने के कारण योजना को अंजाम देने में असमर्थ रहा. हालांकि, नेहरा को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया जब वह हथियार खरीदने के लिए हरियाणा लौटा था.
सलमान खान पर हमले की दूसरी योजना 2020 में सिद्धू मूसे वाला की हत्या के समय के आसपास बनाई गई थी. वहीं तीसरा प्रयास गोल्डी ब्रार के आदेश पर किया गया था, जब हमलावरों ने पनवेल में सलमान खान के फार्महाउस की रेकी की थी. लेकिन दिल्ली और मुंबई की पुलिस को तीसरे प्रयास की सूचना मिल गई और योजना विफल हो गई. आपको बता दें कि बिश्नोई गैंग द्वारा सलमान खान को निशाना बनाने का मुख्य कारण 1998 का वह काला हिरण शिकार मामला है जिसमें सलमान खान शामिल थे. लॉरेंस बिश्नोई समुदाय से संबंध रखता है, जो काले हिरण को एक पवित्र जानवर मानता है.
इन सितारों को लॉरेंस बिश्नोई ने दी धमकी
बॉलीवुड इंडस्ट्री में कई एक्टर्स को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा धमकियां मिली. इस लिस्ट में सलमान खान, रोहित शेट्टी, आयुष शर्मा, गिप्पी ग्रेवाल, कपिल शर्मा आदि शामिल हैं. हाल ही में अभिनेता रणवीर सिंह को भी वॉइस मैसेज के जरिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई. इसमें भी बताया गया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है.
बॉलीवुड को क्यों निशाना बनाता है बिश्नोई गैंग?
लॉरेंस बिश्नोई गैंग जानबूझकर फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाता है, ताकि उसका मैसेज दूर तक पहुंचे. वह भी चाहता है कि दाऊद इब्राहिम की राह पर चले.