Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले से एक ऐसी खबर सामने आ रही है. जिसे सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे. बकरियों को लेकर शुरू हुआ झगड़ा खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. दरअसल, पूरा मामला यह है कि बरगढ़ थाना क्षेत्र के टेहरी पंचायत के हेसातु गांव के दुबियाठी टोला में दो परिवारों के बीच हुई हिंसक झड़प में 55 साल के सूर्यदेव यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके दो बेटों समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
रिपोर्ट के मुताबिक, यह झगड़ा खेत में बकरियों के झुंड को चराने को लेकर हुआ था. आरोप है कि गांव के ही रामकिशुन यादव उर्फ दुबई यादव और उसकी पत्नी कवलिया देवी ने सूर्यदेव यादव की तीन बकरियों को जहर देकर मार डाला.
एक व्यक्ति की मौत
जब सूर्यदेव यादव घटना की सूचना पंचायत के मुखिया विंको टोप्पो को देने गए. बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने मरी हुई बकरियों की फोटो लेने के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला, दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि रामकिशुन यादव, राजू यादव, संतोष यादव और कवलिया देवी समेत 11 लोगों ने भाले और लाठी-डंडों से सूर्यदेव यादव पर हमला कर दिया. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. बीच-बचाव करने आए उनके बेटे महेश यादव और गणेश यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए. मारपीट में दो और लोग भी घायल हुए हैं.
‘2 साल बाद…’, शादी को लेकर ज्योतिषी ने की थी चौंकाने वाली भविष्यवाणी, अंतरजातीय विवाह से पहले लड़की ने कर ली आत्महत्या
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद बरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के बेटे गणेश यादव ने थाने में लिखित शिकायत देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. महेश यादव की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के RIMS रेफर कर दिया है. पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है.
इस पूरे मामले पर सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है और पूरी जांच की जा रही है. गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हाई अलर्ट पर है.