Kanpur female boxer death: कानपुर के महाराजपुर में हाईवे किनारे 26 वर्षीय महिला बॉक्सर और जिम ट्रेनर मंतशा कुमारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई. उन्नाव की रहने वाली मंतशा गुरुवार को खरीदारी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. परिवार ने जिम में आने वाले एक युवक पर संदेह जताया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
गोल्ड मेडल जीतने वाली बॉक्सर की संदिग्ध मौत
Kanpur female boxer death: उत्तर प्रदेश के कानपुर में 26 वर्षीय महिला बॉक्सर और जिम ट्रेनर मंतशा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. उनका शव शुक्रवार सुबह महाराजपुर थाना क्षेत्र में महोली कोल्ड स्टोरेज मोड़ के पास हाईवे किनारे मिला. मृतका की पहचान उन्नाव के गंगाघाट क्षेत्र की रहने वाली मंतशा के रूप में हुई है. वह बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीत चुकी थीं और कानपुर के जाजमऊ स्थित एक जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करती थीं. परिजनों ने उनकी मौत के पीछे हत्या की आशंका जताई है और जिम में आने वाले एक युवक पर संदेह जाहिर किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
परिजनों के मुताबिक, मंतशा गुरुवार शाम करीब पांच बजे खरीदारी के लिए कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित लालबंगला बाजार गई थीं. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की. बताया गया कि शाम करीब सात बजे से ही उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा था. इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. मंतशा के लापता होने के बाद परिजनों ने उन्नाव के गंगाघाट थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. शुक्रवार सुबह महाराजपुर क्षेत्र में हाईवे किनारे एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली. बाद में परिजनों ने तस्वीरों और अन्य पहचान के आधार पर शव की शिनाख्त मंतशा के रूप में की.
मंतशा की मौत के बाद परिवार ने जिम में आने वाले एक युवक पर संदेह जताया है. परिजनों के मुताबिक, उस युवक की मंतशा से बातचीत होती थी. बीमारी के दौरान वह युवक उनसे मिलने अस्पताल भी पहुंचा था. परिवार को आशंका है कि इस युवक की घटना में भूमिका हो सकती है. हालांकि, अभी तक पुलिस ने इस युवक को हत्या का आरोपी घोषित नहीं किया है. उसकी भूमिका और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
मंतशा कुमारी खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुकी थीं. वह बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीत चुकी थीं और कई प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए थे. उनके पिता प्रेम कुमार भी बॉक्सिंग से जुड़े रहे हैं और गोल्ड मेडलिस्ट हैं. उन्होंने ही मंतशा को बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दिया था. मंतशा जाजमऊ स्थित फ्यूजन फिट जिम में ट्रेनर थीं. बताया गया है कि करीब दो महीने पहले बच्चेदानी में गांठ होने के कारण उनका ऑपरेशन हुआ था. इसी वजह से वह कुछ समय से जिम नहीं जा रही थीं. हाल ही में उन्होंने फिर से घर से बाहर निकलना शुरू किया था.
मंतशा के परिवार में 18 नवंबर को भतीजी की शादी होनी है. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और मंतशा भी खरीदारी सहित अन्य तैयारियों में जुटी थीं. परिवार के मुताबिक, वह इसी सिलसिले में गुरुवार को बाजार गई थीं. उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है. महाराजपुर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे शव मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे. शुरुआती जानकारी में शरीर पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिलने की बात सामने आई थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मौत की परिस्थितियों, परिजनों द्वारा जताए गए संदेह और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी में 15 वर्षीय किशोर पर अपने 58 वर्षीय पिता…
Gautam Buddha Nagar Crime: पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले अनिल जेल में बंद था.…
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने केन्दुझर में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और…
Mumbai local train fight: मुंबई की चर्चगेट-विरार लोकल ट्रेन में यात्रियों के बीच मारपीट का…
UP DA Hike: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दिवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों को…
NSE 7 दिसंबर से क्लोजिंग प्राइस और डेरिवेटिव्स ट्रेडिंग के नियम बदलेगा. नया 10 मिनट…