Odisha Crime News: ओडिशा के केओंझार जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. एक नाबालिग दिव्यांग आदिवासी लड़की के साथ कथित यौन शोषण और उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. मामले ने गांव में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है. जानकारी के अनुसार, पीड़िता बीते कुछ महीनों से खामोश थी और उसने कथित घटना के बारे में घरवालों को कुछ नहीं बताया था. आशंका जताई जा रही है कि उसे डराया-धमकाया गया था, जिसके कारण वह लंबे समय तक चुप रही.
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता एक नाबालिग और शारीरिक रूप से दिव्यांग लड़की है. आरोप है कि करीब चार महीने पहले जब वह गांव के पास एक नाले में नहाने गई थी, उसी दौरान उसके रिश्तेदार चाचा ने उसके साथ रेप किया. आरोपी युवक के बारे में यह भी कहा जा रहा है कि उसने अपना धर्म बदलकर अल्पसंख्यक समुदाय अपना लिया था.
करीब चार महीने की गर्भवती है नाबालिग लड़की
रविवार रात जब नाबालिग लड़की की तबीयत अचानक बिगड़ी, तब परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए. वहां चिकित्सकीय जांच में यह सामने आया कि वह करीब चार महीने की गर्भवती है. यह जानकारी सामने आते ही परिवार और ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया.
सोमवार सुबह जैसे ही यह खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और विरोध शुरू हो गया. हालात उस समय और बिगड़ गए जब आक्रोशित लोगों ने एक धार्मिक स्थल में घुसकर तोड़फोड़ कर दी. इसके बाद गांव का माहौल और अधिक संवेदनशील हो गया.
कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात
सूचना मिलने के बाद आनंदपुर पुलिस, जिले के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है. फिलहाल पुलिस गांव में शांति बनाए रखने की कोशिश कर रही है और स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं.
आरोपी ने लड़की को दी थी धमकी
एक आक्रोशित ग्रामीण महिला ने बताया कि आरोपी ने लड़की को धमकी दी थी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा. इसी डर के कारण लड़की इतने दिनों तक चुप रही.