32
Sourav Ganguly Horror Story: साल 2002 में भारतीय टीम नेटवेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड गई थी. टीम इंडिया इस दौरान जिस होटल में ठहरी थी उसका नाम लूमली कैसल है. लूमली कैसल में ठहरना कप्तान सौरव गांगुली के लिए एक ऐसा अनुभव बन गया था. जिसे वो कभी भूल नहीं पाए. पूर्व क्रिकेटर इयान बाथम ने अपने एक किताब बीभी क्रिकेट टेल्स में इस डरावनी घटना का जिक्र किया है. आइए जानते हैं कि 24 साल पहले गांगुली के साथ क्या हुआ था.
दरअसल, टीम इंडिया मैच खेलने गई थी और खिलाड़ियों को लुम्ले कैसल में ठहराया गया था. गांगुली उस समय टीम के कप्तान थे. उन्हें एक शानदार कमरा दिया गया था. कमरे की खूबसूरती और सुविधाएं देखकर वो काफी खुश थे. लेकिन उन्हें नहीं पता था कि यह उनके लिए डरावना बन जाएगा. इयान बाथम ने अपनी किताब में बताया है कि ट्रेनिंग खत्म करने के बाद गांगुली अपने कमरे में लौटे और डिनर से पहले थोड़ा आराम कर रह थे. रात को जब वे वापस आए, तो उन्होंने कमरे के पर्दे बंद किए, लाइट्स ऑफ कीं और सोने चले गए.
दो बार किया नजरअंदाज
लेकिन थोड़ी देर बाद उन्हें बाथरूम में पानी चलने की आवाज सुनाई दी. वो उठे और लाइट ऑन की और बाथरूम में जाकर देखा तो नल पहले से ही बंद था. उन्हें लगा शायद भ्रम हुआ होगा या किसी दूसरे कमरे की आवाज होगी. वो वापस आकर फिर सो गए, लेकिन कुछ देर बाद वही आवाज फिर सुनाई दी. उन्होंने फिर से देखा और नजरअंदाज कर दिया.
दोबारा उस होटल में नहीं रुके
शुरुआत में उन्होंने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब तीसरी बार ऐसा हुआ तो उनका डर बढ़ गया. उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है. आखिरकार डर के मारे वो अपने कमरे से निकलकर साथी खिलाड़ी रोबिन सिंह के कमरे में चले गए और पूरी रात वहीं बिताई. इसके बाद गांगुली ने ठाना कि वह दोबारा इस होटल में कभी नहीं रुकेंगे. यह पूरी कहानी इयान बाथम ने अपनी किताब में बताई है.