India News (इंडिया न्यूज),Delhi: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं, साउथ दिल्ली के मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन में बड़ा हादसा हो गया। यहां दीवार गिर गई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। साथ ही पुलिस टीम भी मौके पर है। नुकसान को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।
मौसम के बदलते मिजाज को लेकर आईएमडी ने कहा कि शाम को मौसम में अचानक बदलाव हुआ। इसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 36।8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
आईएमडी का कहना है कि तेज हवाएं वृक्षारोपण, बागवानी और फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। लोगों से अपील है कि वे घर पर रहें, खिड़कियां, दरवाजे बंद रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें। सुरक्षित स्थान की तलाश में पेड़ों के नीचे न जाएं।
बुधवार को ऐसा ही रहेगा मौसम
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली और एनसीआर के आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी, बारिश और 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही बुधवार को हल्के बादल भी छाए रहेंगे। दिन में तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।