Chaitra Amavasya 2026: हिंदू पंचांग के अनुसार ‘चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की अंतिम तिथि को चैत्र अमावस्या’ कहा जाता है. अमावस्या वह दिन होता है जब चंद्रमा दिखाई नहीं देता और वातावरण में एक विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा मानी जाती है. सनातन धर्म में हर अमावस्या का अपना महत्व होता है, लेकिन चैत्र अमावस्या को विशेष रूप से पितरों की पूजा, स्नान, दान और आत्म शुद्धि के लिए शुभ माना जाता है.
धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन अपने पूर्वजों को याद करके तर्पण, श्राद्ध और दान करने से उनकी आत्मा को शांति मिलती है और परिवार को उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है. यह दिन अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर भी माना जाता है.
चैत्र अमावस्या 2026 कब है?
ज्योतिषीय गणना के अनुसार चैत्र अमावस्या 18 मार्च 2026 को सुबह 8:28 बजे से शुरू होकर 19 मार्च 2026 को सुबह 6:55 बजे तक रहेगी.हिंदू धर्म में उदय तिथि का विशेष महत्व होता है, इसलिए ‘चैत्र अमावस्या का व्रत और पूजा 19 मार्च 2026 को की जाएगी.’
चैत्र अमावस्या का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अमावस्या के दिन पितृलोक और पृथ्वी के बीच का संबंध अधिक सक्रिय माना जाता है. इस समय श्रद्धा और भक्ति के साथ किए गए ‘तर्पण, श्राद्ध और दान’ से पितरों की आत्मा को शांति मिलती है.शास्त्रों में कहा गया है कि जो लोग इस दिन अपने पूर्वजों को याद करके उनकी पूजा करते हैं, उन्हें पितृ दोष से मुक्ति मिल सकती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है.चैत्र माह से ही ‘हिंदू नववर्ष’ की शुरुआत मानी जाती है, इसलिए इस अमावस्या का महत्व और भी बढ़ जाता है. यह दिन आत्मचिंतन, प्रायश्चित और दान के माध्यम से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देता है.
चैत्र अमावस्या पर पूजा की विधि
इस दिन पूजा और धार्मिक कार्यों को करने के लिए कुछ विशेष नियम बताए गए हैं.
- सुबह ‘ब्रह्म मुहूर्त’ में उठकर स्नान करें. यदि संभव हो तो किसी पवित्र नदी, सरोवर या तालाब में स्नान करें.
- अगर बाहर स्नान संभव न हो तो घर पर ही स्नान के पानी में थोड़ा ‘गंगाजल’ मिलाकर स्नान करें.
- स्नान के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करें और जल में ‘अक्षत (चावल) और लाल फूल’ डालें.
- इसके बाद दक्षिण दिशा की ओर मुख करके ‘तिल और कुशा’ के साथ पितरों को जल अर्पित करें.
- इस दिन कई लोग व्रत भी रखते हैं और फल या सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं.
- शाम के समय ‘पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक’ जलाना भी शुभ माना जाता है. साथ ही शनि देव को काले तिल, तेल और नीले फूल अर्पित किए जाते हैं.
चैत्र अमावस्या पर दान का महत्व
सनातन धर्म में ‘दान को बहुत बड़ा पुण्य कार्य’ माना गया है. चैत्र अमावस्या के दिन दान करने से विशेष फल मिलता है. इस दिन भोजन, तिल, गुड़, वस्त्र, धन या जरूरतमंद लोगों को आवश्यक चीजें दान करना शुभ माना जाता है.कहा जाता है कि जरूरतमंद लोगों, गरीबों या दिव्यांग व्यक्तियों की सहायता करने से भगवान प्रसन्न होते हैं और परिवार में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है. ‘गोस्वामी तुलसीदास’ ने भी दान की महिमा बताते हुए कहा है कि जैसे नदी का पानी पक्षियों के पीने से कभी कम नहीं होता, वैसे ही सच्चे मन से किया गया दान कभी व्यर्थ नहीं जाता.
चैत्र अमावस्या पर दान करने के लाभ
- पितृ दोष से मुक्ति मिलने की मान्यता
- घर में सुख और समृद्धि का आगमन
- मानसिक तनाव और जीवन की बाधाओं में कमी
- दान के माध्यम से पुण्य की प्राप्ति
- शनि दोष और ग्रह बाधाओं से राहत