Eye Twitching Meaning: हमारे समाज में कई ऐसी परंपराएं और मान्यताएं हैं जो पीढ़ियों से चली आ रही हैं. हिंदू धर्म में भी कई संकेतों और शगुन-अपशगुन से जुड़ी बातें सुनने को मिलती हैं. आंख का फड़कना भी ऐसी ही एक मान्यता है, जिसके बारे में लोग अक्सर अपने बड़े-बुजुर्गों से सुनते आए हैं. कुछ लोग इसे केवल अंधविश्वास मानते हैं, जबकि कई लोग इसे किसी संकेत के रूप में देखते हैं. धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ इसके पीछे कुछ वैज्ञानिक कारण भी बताए जाते हैं.
ज्योतिषाचार्यों अनुसार, इन मान्यताओं का उल्लेख ‘सामुद्रिक शास्त्र’ में मिलता है. यह शास्त्र शरीर के अंगों, चेहरे के भाव और उनकी गतिविधियों के आधार पर संकेतों का अध्ययन करता है. इसी के आधार पर आंख के फड़कने से जुड़े अलग-अलग अर्थ बताए गए हैं.
पुरुष और महिलाओं के लिए अलग माने जाते हैं संकेत
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार पुरुष और महिलाओं में आंख फड़कने का अर्थ एक जैसा नहीं होता. मान्यता है कि अगर किसी पुरुष की दाईं आंख फड़कती है तो इसे शुभ संकेत माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि इससे व्यक्ति की इच्छाएं पूरी हो सकती हैं और उसे तरक्की या धन लाभ मिलने के अवसर बन सकते हैं.वहीं दूसरी ओर अगर किसी महिला की दाईं आंख फड़कती है तो इसे शुभ नहीं माना जाता. मान्यता के अनुसार ऐसे समय में महिला के कामों में रुकावट आ सकती है या योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं.
बाईं आंख फड़कने का क्या मतलब
मान्यताओं के अनुसार अगर किसी महिला की बाईं आंख फड़कती है तो यह अच्छा संकेत माना जाता है. कहा जाता है कि इससे भविष्य में किसी खुशी या लाभ का संकेत मिल सकता है. कुछ लोग इसे धन या उपहार मिलने से भी जोड़कर देखते हैं.इसके विपरीत अगर किसी पुरुष की बाईं आंख फड़कती है तो इसे अनुकूल नहीं माना जाता और इसे संभावित नुकसान या परेशानी का संकेत समझा जाता है.
विज्ञान क्या कहता है
धार्मिक मान्यताओं के अलावा विज्ञान इस घटना को अलग तरीके से समझाता है. वैज्ञानिक दृष्टिकोण से आंख का फड़कना अक्सर आंखों की मांसपेशियों में हल्की ऐंठन या तनाव की वजह से होता है.जब किसी व्यक्ति को पर्याप्त नींद नहीं मिलती, ज्यादा मानसिक तनाव रहता है, शरीर में थकान होती है या लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर स्क्रीन पर काम किया जाता है, तो आंखों की मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है. इसी कारण आंख फड़कने जैसी समस्या महसूस हो सकती है.इस तरह आंख का फड़कना एक तरफ जहां धार्मिक मान्यताओं में संकेत माना जाता है, वहीं विज्ञान इसे शरीर की सामान्य शारीरिक प्रतिक्रिया के रूप में देखता है.