Vaishakh Month 2026: हिंदू धर्म में हर महीने का अपना अलग महत्व होता है, लेकिन वैशाख मास को विशेष रूप से अत्यंत पवित्र और फलदायी माना गया है. मान्यता है कि इस महीने में की गई पूजा, दान और तप साधक को कई गुना अधिक पुण्य प्रदान करते हैं. खास तौर पर भगवान विष्णु की आराधना के लिए यह महीना सर्वोत्तम माना जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि साल 2026 में वैशाख मास कब से शुरू हो रहा है और इसका धार्मिक महत्व क्या है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह महीना आत्मशुद्धि और पुण्य अर्जित करने का सबसे अच्छा समय होता है. इस दौरान किए गए छोटे-छोटे शुभ कार्य भी बड़े फल देते हैं. यही कारण है कि इसे भगवान विष्णु का प्रिय मास कहा जाता है.
कब से शुरू होगा वैशाख मास 2026?
हिंदू पंचांग के अनुसार, चैत्र महीने के बाद वैशाख मास आता है. इस बार वैशाख मास की शुरुआत 03 मई 2026 से मानी जा रही है और इसका समापन 01 जून 2026 को होगा.इस महीने का संबंध विशाखा नक्षत्र से माना जाता है, इसी कारण इसका नाम वैशाख पड़ा. इसे माधव मास भी कहा जाता है और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी मास से त्रेतायुग की शुरुआत मानी जाती है.
वैशाख मास का धार्मिक महत्व
वैशाख का महीना भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की भक्ति के लिए अत्यंत शुभ माना गया है. ऐसा कहा जाता है कि इस दौरान की गई पूजा जल्दी फल देती है और जीवन में सुख-समृद्धि लाती है.
- इस महीने में स्नान, दान और व्रत का विशेष महत्व होता है.
- गंगा या पवित्र जल में स्नान करने से पापों का नाश होता है.
- जरूरतमंदों को दान देने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है.
- माता लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए भी यह समय बेहद शुभ माना गया है.
- मान्यता है कि वैशाख में किया गया हर शुभ कर्म कई गुना फल देता है और जीवन की परेशानियों को दूर करता है.
वैशाख मास में पालन करने वाले नियम
इस पवित्र महीने में कुछ खास नियमों का पालन करना बेहद जरूरी माना गया है, ताकि पूजा का पूरा फल मिल सके:
- सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करना और दिन की शुरुआत करनी चाहिए.
- भोजन हमेशा सात्विक और हल्का रखना चाहिए, ज्यादा तला-भुना खाने से बचें.
- कांसे के बर्तन में भोजन करने से परहेज करना चाहिए.
- शरीर और मन की पवित्रता बनाए रखते हुए ब्रह्मचर्य का पालन करें.
- प्रतिदिन भगवान विष्णु की पूजा और कथा का श्रवण करना शुभ माना जाता है.
- तुलसी जी की सेवा करें और शाम को दीपक जरूर जलाएं.
- पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें, यह बहुत पुण्यदायी माना गया है.
- जरूरतमंदों को जल, घड़ा, छाता, चप्पल और पंखा जैसी चीजों का दान करें.