CUET UG 2026 Registration Reopen: देशभर के लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 का ऑनलाइन आवेदन पोर्टल दोबारा खोल दिया है. अब अभ्यर्थी 26 फरवरी 2026 तक अपना फॉर्म भर सकते हैं और आवेदन शुल्क जमा कर सकते हैं. यह फैसला उन छात्रों की मांग के बाद लिया गया, जिन्होंने डेडलाइन बढ़ाने की अपील की थी.
CUET UG 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक खुली थी, जबकि फीस जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी रात 11:50 बजे तक थी. बाद में इसे 4 फरवरी तक बढ़ाया गया और फीस विंडो 7 फरवरी तक खुली रखी गई. 23 फरवरी 2026 को जारी पब्लिक नोटिस में NTA ने स्पष्ट किया कि दोपहर से पोर्टल फिर से एक्टिव कर दिया जाएगा. हालांकि यह एक विशेष अवसर है और इसके साथ कुछ सख्त नियम भी लागू हैं.
ध्यान दें: करेक्शन की सुविधा नहीं मिलेगी
NTA ने साफ कर दिया है कि इस विस्तारित अवधि में फॉर्म सबमिट करने के बाद किसी भी प्रकार की सुधार (Correction) की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे व्यक्तिगत जानकारी, कोर्स चयन और परीक्षा शहर की पसंद जैसी सभी डिटेल्स ध्यान से जांच लें.
CUET UG 2026 परीक्षा तिथि और पैटर्न
CUET UG 2026 परीक्षा 11 मई से 31 मई 2026 (संभावित) के बीच आयोजित की जाएगी. परीक्षा कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में होगी और भारत के विभिन्न शहरों के साथ कुछ विदेशी केंद्रों पर भी आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित होगी और देश की 47 केंद्रीय विश्वविद्यालयों तथा 300 से अधिक कॉलेजों में स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश का मुख्य आधार बनेगी.
CUET UG 2026 आवेदन प्रक्रिया: स्टेप-बाय-स्टेप गाइड
आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाएं.
CUET UG 2026 रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें.
व्यक्तिगत जानकारी भरें.
शैक्षणिक योग्यता दर्ज करें.
निर्धारित फॉर्मेट में फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें.
ऑनलाइन माध्यम से फीस का भुगतान करें.
फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट या डाउनलोड सुरक्षित रखें.
पिछले वर्षों का ट्रेंड
CUET UG 2025 परीक्षा 13 मई से 4 जून के बीच 35 शिफ्ट में आयोजित हुई थी. वर्ष 2024 और 2023 में भी यह परीक्षा अलग-अलग चरणों में आयोजित की गई थी, जिससे इसकी बढ़ती लोकप्रियता और व्यापकता स्पष्ट होती है.
लेटेस्ट अपडेट कहां देखें?
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे nta.ac.in और cuet.nta.nic.in वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें. किसी भी सहायता के लिए NTA हेल्पडेस्क से संपर्क किया जा सकता है. यह अतिरिक्त मौका उन छात्रों के लिए बेहद अहम है जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे. अब देर न करें, फॉर्म सावधानी से भरें और अपने भविष्य की तैयारी पूरी करें.