IIT Course: हर छात्र का सपना होता है कि वह IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़ाई करे. आमतौर पर यहां दाखिले का रास्ता JEE और GATE जैसी कठिन परीक्षाओं से होकर गुजरता है, जिनके बिना एडमिशन लगभग असंभव माना जाता है. लेकिन अगर आप इनमें सफल नहीं हो पाए हैं, तो निराश होने की जरूरत नहीं है. अब IIT से पढ़ने का एक ऐसा मौका भी मौजूद है, जहां किसी भी एंट्रेंस एग्जाम की आवश्यकता नहीं होती. इस खास कोर्स के जरिए आप सीधे IIT से जुड़ सकते हैं. आइए जानते हैं इस अवसर के बारे में विस्तार से…
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर (IIT-K) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस में करियर बनाने वालों के लिए एक खास शॉर्ट ऑनलाइन कोर्स लॉन्च किया है. इस कोर्स का नाम Applied Data Science and Machine Intelligence: Fundamentals to Next Generation AI है, जो 1 जून से 15 जुलाई के बीच शुरू होगा और कुल 45 दिनों तक चलेगा.
कौन कर सकता है इस AI कोर्स के लिए आवेदन
यह प्रोग्राम खास तौर पर उन छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए डिजाइन किया गया है, जो AI और मशीन लर्निंग के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं. इसमें AIML में करियर बनाने के इच्छुक छात्र, AI-आधारित समाधान पर काम करने वाले शोधकर्ता, फैकल्टी मेंबर, इंडस्ट्री प्रोफेशनल, टेक उद्यमी और AI रोल्स में ट्रांजिशन करने वाले प्रोफेशनल शामिल हो सकते हैं.
कोर्स में क्या-क्या सिखाया जाएगा
यह 45 दिनों का कोर्स आधुनिक AI की दुनिया की गहरी समझ देता है. इसमें मशीन लर्निंग के बेसिक्स, डीप लर्निंग एल्गोरिदम, लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLMs), जेनरेटिव AI एप्लिकेशन और रियल-वर्ल्ड AI केस स्टडी शामिल हैं. कोर्स में लाइव और रिकॉर्डेड दोनों तरह के सेशन होंगे. कुल मिलाकर 50 से ज्यादा लर्निंग ऑवर्स और 10 से अधिक हैंड्स-ऑन प्रोजेक्ट्स के जरिए प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल एक्सपीरियंस मिलेगा. 24/7 कंटेंट एक्सेस और एक्सपर्ट टॉक्स इस प्रोग्राम को और उपयोगी बनाते हैं.
फीस स्ट्रक्चर और रजिस्ट्रेशन डिटेल्स
कोर्स के लिए अर्ली बर्ड, रेगुलर और लेट रजिस्ट्रेशन फीस तय की गई है, जो छात्रों, फैकल्टी और इंटरनेशनल प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग है. इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट iitk.ac.in/oa/events/2025-26/next-generation-AI के जरिए आवेदन कर सकते हैं. किसी भी जानकारी के लिए ईमेल या फोन के माध्यम से IIT कानपुर से संपर्क किया जा सकता है.