IIT Success Story: भारत के प्रतिभाशाली AI और रोबोटिक्स रिसर्चर देवेंद्र सिंह चपलोत (Devendra Singh Chaplot) ने अपने करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि की घोषणा की है. 14 मार्च को उन्होंने बताया कि वह SpaceX और xAI में शामिल हो रहे हैं, जहां वे सीधे तौर पर Elon Musk के साथ एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे. यह खबर AI और रोबोटिक्स की दुनिया में काफी चर्चा का विषय बन गई है.
Chaplot ने इस नई भूमिका की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर एक पोस्ट के माध्यम से दी. उन्होंने बताया कि उनका काम AI और रोबोटिक्स को जोड़कर ऐसी इंटेलिजेंट टेक्नोलॉजी विकसित करना होगा, जो फिजिकल और डिजिटल दोनों दुनिया में काम कर सके.
सुपरइंटेलिजेंस बनाने के मिशन में नई शुरुआत
अपनी पोस्ट में Chaplot ने बताया कि वह “सुपरइंटेलिजेंस” के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे. उनके अनुसार SpaceX और xAI के बीच सहयोग से AI के क्षेत्र में बड़ी प्रगति संभव है. उन्होंने लिखा कि वह एलन मस्क (Elon Musk) और उनकी टीम के साथ मिलकर ऐसी उन्नत बुद्धिमत्ता विकसित करने के लिए काम करेंगे जो फिजिकल मशीनों और डिजिटल सिस्टम्स दोनों को एक साथ जोड़ सके. Chaplot ने यह भी कहा कि जब मजबूत तकनीकी समझ, बड़े संसाधन और हाई-एजेंसी कल्चर एक साथ आते हैं, तो असाधारण इनोवेशन संभव हो जाता है.
AI और रोबोटिक्स के प्रति लंबे समय से जुनून
Chaplot के लिए यह अवसर बेहद खास है क्योंकि उनका पूरा करियर AI और रोबोटिक्स रिसर्च के आसपास ही केंद्रित रहा है. उन्होंने बताया कि वह उन क्षेत्रों को आगे बढ़ाने के लिए बेहद उत्साहित हैं जिनके प्रति वह वर्षों से जुनूनी रहे हैं. उन्होंने पहले Mistral AI और TML जैसी संस्थाओं की फाउंडिंग टीमों के साथ काम करते हुए AI मॉडल्स के विकास में योगदान दिया है. Chaplot के अनुसार इन अनुभवों ने उन्हें यह समझने में मदद की कि शून्य से इंटेलिजेंस बनाने की प्रक्रिया कितनी चुनौतीपूर्ण और रोमांचक होती है.
शानदार एकेडमिक बैकग्राउंड
देवेंद्र सिंह चपलोत (Devendra Singh Chaplot) की शैक्षणिक उपलब्धियां भी उतनी ही प्रभावशाली हैं. उन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे (IIT Bombay) से अपनी पढ़ाई की और बाद में कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी (Carnegie Mellon University) से मशीन लर्निंग में पीएचडी हासिल की. उन्होंने IIT-JEE 2010 में 25वीं रैंक प्राप्त की थी और प्रतिष्ठित इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड (International Mathematics Olympiad) में भी पांचवां स्थान हासिल किया था.
वैश्विक AI प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन
Chaplot ने कई प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ काम किया है, जिनमें Facebook AI Research और Mistral AI शामिल हैं. इन संस्थानों में उन्होंने मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और कंप्यूटर विज़न पर व्यापक शोध किया. उन्होंने उन टीमों का नेतृत्व भी किया जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय AI प्रतियोगिताओं जैसे CVPR 2019 पॉइंटनैव चैलेंज, CVPR 2020 ऑब्जेक्टनैव चैलेंज, NeurIPS 2022 रीअरेंजमेंट हैबिटेट चैलेंज और विजुअल डूम एआई प्रतियोगिता 2017 में बेहतरीन परफॉर्म किया.
नए सफर के लिए उत्साहित Chaplot
अपनी घोषणा के अंत में Chaplot ने उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनके करियर में उनका मार्गदर्शन किया. उन्होंने कहा कि वह इस नए अध्याय को शुरू करने के लिए बेहद उत्साहित हैं और जल्द से जल्द अपने काम की शुरुआत करना चाहते हैं.