यूपी डीएलएड रिजल्ट: परीक्षा नियामक प्राधिकरण, प्रयागराज ने उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (UP D.El.Ed), जिसे पहले BTC के नाम से जाना जाता था, के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं. लंबे इंतजार के बाद रिजल्ट जारी होने से हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है. जो उम्मीदवार अक्टूबर-नवंबर 2025 में आयोजित परीक्षाओं में शामिल हुए थे, वे अब आधिकारिक पोर्टल btcresult.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड ऑनलाइन देख और डाउनलोड कर सकते हैं.
आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 27 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2025 तक आयोजित की गई थीं. वहीं, तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2025 के बीच संपन्न हुईं. समय पर परीक्षा और अब परिणाम की घोषणा ने प्रशिक्षण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ कर दिया है.
UP D.El.Ed 1st और 3rd सेमेस्टर रिजल्ट ऑनलाइन ऐसे चेक करें
UP D.El.Ed की आधिकारिक वेबसाइट btcresult.in पर जाएं.
होमपेज पर “UP DELED 1st Semester Result 2026” या “UP DELED 3rd Semester Result 2026” लिंक पर क्लिक करें.
खुलने वाले लॉगिन पेज पर अपना रोल नंबर और एनरोलमेंट नंबर सावधानीपूर्वक दर्ज करें.
“Submit” या “View Result” बटन पर क्लिक करें.
स्क्रीन पर प्रदर्शित परिणाम की सभी जानकारी ध्यान से जांच लें.
भविष्य के उपयोग के लिए रिजल्ट का पीडीएफ डाउनलोड करें और प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें.
करियर की दिशा तय करने का अहम पड़ाव
UP D.El.Ed कोर्स प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जाता है. ऐसे में सेमेस्टर रिजल्ट छात्रों के लिए न केवल शैक्षणिक प्रगति का संकेत है, बल्कि उनके भविष्य की तैयारी का आधार भी है. यदि वेबसाइट पर ट्रैफिक अधिक होने के कारण रिजल्ट खुलने में समस्या आती है, तो उम्मीदवार थोड़ी देर बाद दोबारा प्रयास करें. आधिकारिक पोर्टल से ही जानकारी प्राप्त करें और किसी भी अफवाह से बचें.