17
Kohrra 2 : सस्पेंस और क्राइम थ्रिलर के फैंस के लिए इंतजार खत्म हो गया है. साल 2023 की सुपरहिट वेब सीरीज ‘कोहरा’ का दूसरा सीजन आज, 11 फरवरी 2026, को दोपहर 1:30 बजे से नेटफ्लिक्स (Netflix) पर स्ट्रीम हो चुका है. इस बार पंजाब के कोहरे के बीच छिपे राज को सुलझाने के लिए बरुन सोबती के साथ दमदार एक्ट्रेस मोना सिंह की नई जोड़ी नजर आ रही है. सीजन 2 में कुल 6 एपिसोड है, जिन्हें आप एक साथ देख सकते है.
सीजन 2 की नई कहानी: क्या है इस बार का सस्पेंस?
इस सीजन में कहानी पंजाब के दलेरपुरा गांव के इर्द-गिर्द घूमती है. एक प्रभावशाली महिला ‘प्रीत बाजवा’ (पूजा भामरा) की लाश उसके भाई के अस्तबल में मिलती है. केस को सुलझाने की जिम्मेदारी तेज-तर्रार ऑफिसर धनवंत कौर (मोना सिंह) और अमरपाल गरुंडी (बरुन सोबती) को सौंपी गई है. शक की सुई मृतका के NRI पति (रणविजय सिंह) और उसके परिवार के आपसी झगड़ों पर टिकी है. जैसे-जैसे कोहरा छंटता है, वैसे-वैसे रिश्तों की कड़वाहट, बंधुआ मजदूरी और पुराने जख्मों के गहरे राज सामने आने लगते है.
रीकैप: क्या हुआ था पहले सीजन में?
सीजन 1 की शुरुआत एक NRI दूल्हे (पॉल) के कत्ल से हुई थी, जिसकी लाश उसकी शादी से ठीक दो दिन पहले खेतों में मिली थी. सब-इन्स्पेक्टर बलबीर सिंह (सुविंदर विक्की) और गरुंडी (बरुन सोबती) ने मिलकर इस केस की जांच की थी. अंत में यह खुलासा हुआ था कि पॉल की हत्या किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसके ही करीबी दोस्त लियाम ने की थी, क्योंकि पॉल और लियाम के बीच समलैंगिक संबंध थे और समाज के डर से वे बुरी तरह उलझ गए थे. पहले सीजन ने न केवल कत्ल की गुत्थी सुलझाई थी, बल्कि पंजाब में नशा, पितृसत्ता और पारिवारिक सम्मान (Honor) जैसे कड़वे सच भी दिखाए थे.
क्यों खास है सीजन 2?
सीजन 2 में बरुन सोबती अपने पुराने ‘गरुंडी’ वाले अंदाज में वापस आए है, लेकिन इस बार उनकी सीनियर ऑफिसर के रूप में मोना सिंह ने महफिल लूट ली है. मोना सिंह एक ऐसी मां और पुलिस अफसर के किरदार में है जो अपने बेटे को खोने के गम से जूझ रही है. क्रिटिक्स के अनुसार, यह सीजन पहले से भी ज्यादा गहरा और भावनात्मक है. अगर आपको धीमी रफ्तार वाली लेकिन रोंगटे खड़े कर देने वाली मिस्ट्री पसंद है, तो ‘कोहरा 2’ आपके लिए मस्ट-वॉच है.