9
अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की पहली फिल्म ‘इक्कीस’ (Ikkis) अब ओटीटी पर सभी के लिए उपलब्ध होने जा रही है. 1 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म अब 26 फरवरी 2026 से Amazon Prime Video पर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के स्ट्रीम की जाएगी. इससे पहले यह फिल्म केवल ‘रेंटल’ (किराए) के आधार पर उपलब्ध थी, जहां इसे देखने के लिए सब्सक्राइबर्स को अलग से पैसे देने पड़ते थे, लेकिन अब इसे सभी प्राइम मेंबर्स मुफ्त में देख सकेंगे.
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म और शानदार कास्ट
यह फिल्म सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद भावुक है क्योंकि यह अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी ऑन-स्क्रीन फिल्म है. फिल्म में अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में है, जबकि धर्मेंद्र उनके पिता (ब्रिगेडियर एम.एल. खेत्रपाल) का किरदार निभा रहे है. फिल्म में जयदीप अहलावत ने एक पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी की दमदार भूमिका निभाई है. इस फिल्म का निर्देशन मशहूर डायरेक्टर श्रीराम राघवन ने किया है, जो ‘अंधाधुन’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते है.
वीरता और बलिदान की सच्ची कहानी
‘इक्कीस’ एक बायोग्राफिकल वॉर ड्रामा है जो परमवीर चक्र विजेता सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है. अरुण खेत्रपाल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान महज 21 साल की उम्र में शहीद हो गए थे और वे भारत के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र प्राप्तकर्ता बने. फिल्म में 1971 के ‘बसंतर के युद्ध’ (Battle of Basantar) को बहुत ही भावनात्मक तरीके से दिखाया गया है, जहां अरुण ने आखिरी सांस तक दुश्मन के टैंकों का मुकाबला किया था.