Akshay Kumar on Gas Cylinder: देश में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर की किल्लत ने आम जनता की रसोई का बजट और सुकून दोनों बिगाड़ रखा है. मिडल ईस्ट में छिड़ी जंग का असर हर किसी के ऊपर देखा जा सकता है. अब इस मुद्दे पर बॉलीवुड के सुपरस्टार ‘खिलाड़ी भैया’ अक्षय कुमार की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना ने 2-2 इंडक्शन चूल्हा ख़रीदा है अब इसपर लोगों का भी सवाल है कि क्या इस एलपीजी की किल्लत से अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टार भी अछूता नहीं हैं. आइये जानते हैं आखिर पूरा मामला क्या है?
BMC मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, जब अक्षय से शहर में हो रहे गैस संकट पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बड़े ही व्यावहारिक और मजाकिया अंदाज में इसका समाधान बताया. अक्षय वहां बीजेपी के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम के साथ ‘मुंबई क्लीन लीग’ के लॉन्च के सिलसिले में पहुंचे थे.
ट्विंकल खन्ना ने मंगवाए 2 इंडक्शन
जब मीडिया ने अक्षय से सिलेंडर की कमी पर सवाल किया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना का जिक्र किया. अक्षय ने कहा, ‘देखिए, मुझे तो अब तक कोई खास दिक्कत नहीं हुई है. लेकिन मेरी पत्नी ने परसों ही… वो क्या होता है, जो नया चूल्हा आया है… इंडक्शन? हां, वैसे दो इंडक्शन स्टोव मंगवा लिए हैं. तो मेरा मशवरा है कि आप भी एक खरीद लीजिए.’ हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या वो इंडक्शन घर पहुंच गए हैं, तो उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया, ‘फिलहाल मुझे यह नहीं पता कि डिलीवरी हुई है या नहीं, लेकिन इतना जरूर पता है कि ऑर्डर हो चुका है.’
क्यों हो रही है मुंबई में गैस की किल्लत?
मुंबई के घरों और रेस्टोरेंट्स में एलपीजी की भारी कमी देखी जा रही है. इसकी मुख्य वजह ईस्ट में चल रहा तनाव है. भारत अपनी जरूरत का लगभग 60% एलपीजी आयात करता है. हॉर्मुज जलडमरूमध्य ,जो सप्लाई का मुख्य रास्ता है, ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ते संघर्ष की वजह से प्रभावित हुआ है. जिसकी वजह से यह मुश्किल का सामना भारत को करना पड़ रहा है.
अक्षय की आने वाली फिल्में
काम की बात करें तो अक्षय कुमार आने वाले समय में काफी व्यस्त रहने वाले हैं। उनके फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि वह एक बार फिर प्रियदर्शन के साथ हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ में नजर आएंगे.